संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गेहूं के बिजाई सीजन में डीएपी की मांग बढ़ गई है और किसान डीएपी के खरीद केंद्रों के बाहर लंबी लाइनों में घंटों इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद भी खाद नहीं मिल पा रही। ओढां में स्थित इफको विक्रय केंद्र पर सोमवार को सायं 4 बजे तक 250 किसानों को 1-1 बैग खाद वितरित की गई। बाकी किसानों को मंगलवार को खाद वितरित की जाएगी।
सोमवार को ओढां में स्थित इफको विक्रय केंद्र पर खाद आने की सूचना मिलने के बाद अलसुबह से ही बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए। केंद्र खुलने से पूर्व ही उसके बाहर किसानों की लाइन लग गई और उनकी आपस में ही धक्का-मुक्की होने लगी। केंद्र पर कर्मचारी 11 बजे पहुंचे। इसके बाद किसानों में काफी रोष देखा गया। किसान रामकुमार, महेन्द्र सिंह, करनैल सिंह, महेश कुमार, संदीप सिंह, कालुराम, मनीराम, सुखराज सिंह, गुरचेत सिंह आदि ने बताया कि उनके पास पिछले 2 दिनों से मोबाइलों में मैसेज आने शुरू हो गए थे कि ओढां में इफको केंद्र पर रविवार रात्रि को डीएपी पहुंच जाएगी। खाद का वितरण सोमवार सुबह होगा। इसके चलते वे अलसुबह ही केंद्र पर पहुंच गए। सुबह 8 बजे तक केंद्र पर करीब 600 किसान एकत्रित हो गए। इसके बाद किसान लाइन बनाकर खड़े हो गए। कर्मचारी जब करीब 11 बजे विक्रय केंद्र पर पहुंचे तो भीड़ देखकर उन्होंने पुलिस बुला ली। इसके बाद किसानों की दोबारा से लाइन लगवाकर सभी को 1-1 टोकन दिया गया और खाद का वितरण शुरू हुआ। जो सूची किसानों ने बनाई थी, वो धरी-धराई रह गई। सोमवार सायं 4 बजे तक 250 किसानों को 1-1 बैग खाद वितरित की गई। बाकी बचे 250 किसानों को मंगलवार को टोकन के हिसाब से खाद दी जाएगी।
-
बॉक्स
इफको केंद्र पर 500 बैग डीएपी खाद आई थी। पहले आओ-पहले पाओ के हिसाब से किसानों को 1-1 बैग खाद वितरित की जा रही है। 250 किसानों को खाद वितरित कर दी गई है। अन्य किसानों को मंगलवार को खाद दी जाएगी। -गजेन्द्र चौहान, मैनेजर (इफको बाजार)