डबवाली। शुक्रवार की अलसुबह साढ़े तीन बजे के करीब कॉलोनी रोड स्थित एक मेडिकल शॉप में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। जिसके कारण सारा सामान जलकर खाक हो गया। पौने चार बजे के करीब एक राहगीर वहां से गुजर रहा था कि उसने शिवम मेडिकोज की दुकान में से धुंआ निकलता देखा तो फ्लेक्स बोर्ड पर अंकित मोबाइल नंबर पर तुरंत आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दुकान संचालक पांच मिनट में ही वहां पर पहुंच गए। जैसे ही उन्होंने दुकान का शट्टर खोला तो आग ओर भभक गई। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों से चालक मनोज कुमार, चालक राकेश कुमार, अग्निशामक विक्रम दास व अनखजीव सिंह मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखी लाखों रुपयों की सैकड़ों दवाएं जलकर राख हो चुकी थी।
उक्त आगजनी की इस घटना से दुकान में लगा फर्नीचर, फ्रिज सहित अन्य यंत्र भी जलकर राख हो गए। शिवम मेडिकोज के संचालक यशपाल नारंग उर्फ शंटी नारंग ने बताया कि इस आगजनी की घटना से उन्हें अनुमानित 50 से 60 लाख रुपय का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बीती सायं वीरवार को ही 10-12 लाख रुपये का सामान आया था।