संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऑटो मार्केट में 2.70 करोड़ की लागत से चल रहे निर्माण कार्य पर दुकानदारों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। सीसी सड़क के निर्माण में रोड़ी की जगह मलबा डाला जा रहा है। घटिया स्तर की इंटरलॉकिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई गलियां चार से छह इंच नीचे हो गई हैं। जिस तरह की लेवलिंग की जा रही है, उससे बरसाती पानी निकलना मुश्किल है। वहीं इस संबंध में नगर परिषद के एक्सईएन का कहना है कि घटिया निर्माण को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि ईंटों की क्वालिटी, फुटपाथ निर्माण आदि में कमी है तो वे स्वयं मौका मुआयना कर कार्रवाई करेंगे।
शनिवार को संवाददाता ने ऑटो मार्केट में विकास कार्यों को लेकर व्यापारियों से बातचीत की। बातचीत में बारिश के पानी की निकासी, सड़क निर्माण, वाइडनिंग, फुटपाथ की चौड़ाई आदि पर चर्चा करते हुए दुकानदारों ने कहा कि सब आंखें मूंदे हुए हैं। एसोसिएशन व्यापारियों की मांग नहीं उठा रही है। आलम यह है कि मार्केट एसोसिएशन के कार्यालय के नीचे ही मलबा डालकर इंटरलॉकिंग टाइल ठेकेदार बिछा रहा है।
निर्माण में लगाई जा रही 65 एमएम की इंटरलॉक, नियम 80 एमएम लगाने का
ऑटो मार्केट में निर्माण के दौरान 65 एमएम की इंटरलॉकिंग लगाई जा रही है। नगर परिषद के नियमानुसार एक इंटरलॉकिंग का साइज 80 एमएम निर्धारित होता है। नगर परिषद के एमई और जेई स्तर के अधिकारी निरंतर ऑटो मार्केट का काम देखते हैं।
जैसा दुकानदारों ने बताया
1. सड़क निर्माण के दौरान फुटपाथ एकसमान नहीं बनाया जा रहा है। बीच में कहीं तीन फुट तो कहीं डेढ़ फुट साइज रखा है। ऐसे में कैसे सड़क के बीचों बीच ग्रीनरी लगाई जा सकेगी।
2. सड़क की वाइडनिंग के नाम पर रोड़ी-बजरी की जगह पुराना मलबा डालकर इंटरलॉकिंग बिछाई जा रही है। दुकानदार की दुकान के आगे लेवल तक नहीं किया जा रहा है। इससे पानी निकलना बहुत मुश्किल है।
3. बारिश के पानी निकासी के लिए लगाई गई जालियां पूरी तरह से मिट्टी और मलबे से भरी हुई हैं। कई जगहों पर जालियां तक ठेकेदार ने नहीं लगाई है।
4. सीसी सड़क का कई जगहों पर लेवल सही नहीं है। अलग-अलग स्तर पर लेवल अलग-अलग किया गया है, जो बारिश के दिनों में परेशानी का कारण बनेगा।
5 सीसी की सड़क निर्माण के दौरान बीच-बीच में कट छोड़े जाते हैं, ताकि गर्म होने पर जब सड़क फैलती है, तब न टूटे। निर्माण करते हुए इन कटों को नहीं छोड़ा जा रहा। बाद में सीसी में कट लगाए जाएंगे, जो नियमानुसार गलत है।
व्यापारियों का दर्द
ऑटो मार्केट में मैंने सबसे पहली दुकान खोली थी। वर्ष 2001 में सीसी की सड़क बनाई गई थी और वाइडनिंग हुई थी। अब सड़क का लेवल उठा दिया है। ऐसे में दुकानों के बाहर वाइडनिंग नीची हो गई है। अब सीसी पर इंटरलॉकिंग लगा रहे है। इंटरलॉकिंग भी घटिया स्तर की है। - सिमरपाल सिंह, दुकानदार।
इंटरलॉकिंग दुकानों के आगे लगाई जा रही है। इनका कोई लेवल नहीं है। बारिश का पानी कैसे निकलेगा, यह अधिकारी ही जाने, जिन्होंने बड़े-बडे दावे किए हैं। विनोद कुमार, दुकानदार।
बारिश के पानी की निकासी को लेकर लगाई में जालियों पर 5 से 7 मिनट तक पानी छोड़ा गया, लेकिन पानी नीचे ही नहीं जा रहा है। जब अभी पानी नहीं जा रहा है तो बारिश में कैसे जाएगा। दुकानों के आगे पत्थर के नाम पर एक-एक इंची मलबा डाल रहे हैं। फिर इंटरलॉकिंग बिछाएंगे। विक्रमजीत सिंह, दुकानदार।
ऑटो मार्केट में 2.70 करोड़ का निर्माण कार्य किया जा रहा है। 50 फीसदी से ज्यादा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। घटिया निर्माण को लेकर कोई शिकायत आज तक हमारे पास नहीं आई है। यदि ईंटों की क्वालिटी, फुटपाथ निर्माण आदि में कमी है तो मैं स्वयं मौका निरीक्षण कर कार्रवाई करूंगा। जून में ही पहले चरण का काम पूरा हो जाएगा। -विक्की, एक्सईएन, नगर परिषद, सिरसा।
बरसाती जाली पर पानी डालकर दिखाता दुकानदार। संवाद