वर्ष 1975 में निदेशक रमेश सिप्पी द्वारा बनाई गई फिल्म शोले में अभिनेता धर्मेंद्र द्वारा निभाया गया वीरू का शराबी किरदार रील लाइफ से रीयल लाइफ में जीवंत हो गया।
फिल्म में वीरू ने बसंती से शादी के लिए शराब पीकर पानी की टंकी पर चढ़कर ड्रामा किया था इसी अंदाज में सिरसा में भी एक युवक ने रूठकर मायके गई पत्नी को वापस लाने के लिए इस युवक ने वीरू के स्टाइल में रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देने लगा।
फर्क बस इतना था कि शोले में वीरू ने कहा था ‘गांव वालो’ और सिरसा में रियल लाइफ में युवक टंकी पर चढ़कर शराब के नशे में धुत होकर बोल रहा था ‘मोहल्ले वालों’। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घंटों की मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक युवक रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया और शोर मचाने लगा। यह देखकर सैकड़ों लोग जुट गए। युवक बार-बार नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शहर थाना के कार्यवाहक प्रभारी शिव नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के कर्मचारी भी गाड़ी लेकर पहुंचे गए। अधिकारियों ने युवक को टंकी से नीचे उतरने को कहा, लेकिन शराब के नशे में धुत युवक ने किसी की नहीं सुनी।
पुलिस अधिकारी युवक से हाथ जोड़कर नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे पर युवक नहीं माना। इस दौरान शोले फिल्म का सुपरहिट दृश्य को असल में देखने के लिए शहर के बाजारों से लोग रेलवे कॉलोनी पहुंचने लगे। कुछ लोगों ने युवक को पहचान कर उसके परिजनों को घटनाक्रम के बारे में बताया।
अधिकारी युवक से कहने ‘लगे नीचे उतर आ मेरे बाप, तेरी सारी परेशानी दूर कर देंगे’ करीब साढे़ दस बजे चतरगढ़ पट्टी निवासी कर्ण यादव रेलवे कॉलोनी पहुंचा और पुलिस अधिकारियों को बताया कि उक्त युवक का नाम विनोद यादव है और यह उनका दामाद है। इसके बाद नशे में टंकी पर इधर-उधर डगमगाते खडे़ विनोद को ससुर ने नीचे आने के लिए कहा तो वह राजी हो गया।
नशे में धुत विनोद ने नीचे खडे़ अधिकारियों से कहा कि पहले टिंडी को बुलाकर लाओ, फिर में किसी की कोई बात सुनूंगा। परेशान पुलिस वाले बाले टिंडी की तलाश में जुटे तो पता चला कि टिंडी वार्ड नंबर 30 का पार्षद है।
पुलिस वालों ने कहा कि नगर पार्षद का नाम राजेंद्र है। पार्षद राजेंद्र वार्ड में टिंडी के नाम से प्रसिद्ध है। इसके बाद पुलिस ने पार्षद राजेंद्र को मौके पर बुलाया।
ससुर के कहने पर टंकी से नीचे उतरने को राजी हुआ विनोद डगमगाता हुए सीढ़ियों से नीचे उतरने लगा। शराब में धुत होने के कारण उसका हर कदम नीचे मौजूद अधिकारियों की धड़कन तेज कर देता।
नीचे मौजूद पुलिस वाले व युवक के परिजन कह रहे थे ‘हे भगवान! ये नीचे न गिर जाए’ । पुलिस ने नीचे उतरते ही उसे हिरासत में ले लिया। सामान्य अस्पताल में उसका मेडिकल करवाने के बाद विनोद को सिटी थाने लाया गया। जहां पर थाने के कार्यवाहक प्रभारी ने उसके साथ पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान विनोद यादव ने बताया कि उसकी पत्नी क ई माह से मायके गई हुई है। उसे मनाने के लिए वह ससुराल गया तो ससुराल वालों ने पत्नी को उसके साथ भेजने से इंकार कर दिया। इसी से आहत होकर उसने शराब पी और चढ़ गया पानी की टंकी के ऊपर।
चतरगढ़ पट्टी निवासी कर्ण यादव ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी उसकी बेटी की शादी पुरानी हाउसिंग बोर्ड निवासी विनोद यादव के साथ हुई थी। विनोद डेढ़ साल की बच्ची का पिता है। कर्ण ने बताया कि विनोद नशे का आदी है और घर में पत्नी के साथ मारपीट करता है।
छह माह पहले विनोद ने नशे में अपने घर के अंदर खुद ही आग लगा ली थी। विनोद की यातनाओं को देखते हुए कर्ण अपनी बेटी को तीन माह पूर्व ससुराल से मायके ले आया। कर्ण का कहना है कि वह अपनी बेटी को उसके साथ नहीं भेजेगा। शहर पुलिस ने कर्ण से लिखित में यह बात लिखवाई है।
कर्ण सिंह ने बताया कि उसने पुलिस को लिखित में सब कुछ दे दिया है। विनोद के खिलाफ पुलिस जो भी कार्रवाई करना चाहे करे।
कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई शिव नारायण ने साढे़ चार बजे बताया कि पुलिस ने विनोद के खिलाफ अभी केस दर्ज नहीं किया है। किसी ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए शिकायत नहीं दी है और बिना शिकायत के पुलिस केस दर्ज नहीं कर सकती।
--------------------------------------------------------
फोटो विवरण:12एसआईआरपी30: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढा हुआ युवक।
फोटो विवरण:12एसआईआरपी31: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढे युवक से नीचे उतरने के लिए हाथ जोडकर विनती करता पुलिसकर्मी।
फोटो विवरण:12एसआईआरपी32: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढा युवक ससुर के कहने पर नीचे उतरता हुआ।
फोटो विवरण:12एसआईआरपी33: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढने वाले युवक को दबोचते पुलिसकर्मी।
फोटो विवरण:12एसआईआरपी34: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढने वाले युवक को गाड़ी में बैठाते पुलिसकर्मी।
फोटो विवरण:12एसआईआरपी35: सिरसा में शनिवार को रूठी हुई पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर रेलवे कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढने वाले युवक को थ्राना ले जाते पुलिसकर्मी।