संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कोर्ट कॉम्प्लेक्स की पार्किंग मेंं वीरवार को तीन युवकों ने पेशी पर आए युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पार्किंग मेंं मौजूद अधिवक्ताओं ने युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया। हमलावर तेजधार हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस घटना को जिला बार एसोसिएशन ने गंभीरता से लिया। एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक व सेशन जज से कोर्ट कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इसके साथ ही फैसला लिया है कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स मेंं अगर कोई आपराधिक तत्वों ने वारदात को अंजाम देता है तो कोर्ट में कोई भी वकील नहीं उसकी पैरवी नहीं करेेगा।
वीरवार को स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट मेंं शिव मंदिर प्रेम नगर निवासी सौरभ की पेशी थी। इसके खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने 14 अप्रैल 2019 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। उसके पास से 8.80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। वीरवार दोपहर को सौरभ पेशी के बाद कोर्ट परिसर की पार्किंग मेंं पहुंचा। यहां पर उस पर तीन युवकोंं ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। मौजूद वकीलोंं ने उसे छुड़वाया। हमलावर तेजधार हथियार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची हुडा चौकी पुलिस ने हथियार कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस का कहना है कि घायल का बयान दर्ज कर आरोपियों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर खैरपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस का नहीं ध्यान, घटना इसी का ही नतीजा : बार प्रधान
घटना के बाद बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट गणेश सेठी, सचिव एडवोकेट प्रयाग राज व उप प्रधान एडवोकेट सन्नी बब्बर ने बार रूम मेंं बैठक की। बैठक में बार सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा व जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाणी गोपाल शर्मा से कोर्ट कॉम्प्लेक्स के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग की, ताकि आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके।
प्रधान गणेश सेठी ने बताया कि बैठक में फैसला लिया गया कि अगर कोई आपराधिक तत्व कोर्ट कॉम्प्लेक्स और आसपास जगह पर वारदात को अंजाम देता है तो कोई भी वकील उसकी पैरवी अदालत मेंं नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से कोर्ट में कुछ आपराधिक तत्व देखे गए हैं। इस ओर पुलिस का कोई भी ध्यान नहीं है। उसी का नतीजा है कि वीरवार को तेजधार हथियार से कोर्ट पार्किंग में युवक हमला किया गया। गणेश सेठी का कहना है कि इस प्रकार की घटना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बार प्रधान ने वकीलों से आग्रह किया हैं कि अगर उन्हें महसूस होता है कि क्लाइंट के साथ अन्य लोग आए हैं जो की आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, तो बार में जानकारी दें। इस पर तुरंत कार्यवाही होगी।
हत्या की हो चुकी हैं दो वारदात
कोर्ट कॉम्प्लेक्स मेंं गोली मारकर हत्या करने की दो घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2012 मेंं हुई इन घटनाओं के बाद यहां पर सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। पेशी पर आने वालोंं व वकीलों के लिए एक गेट बनाया गया है। यहां पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहते हैं।