सिरसा। जिले में कोरोना संक्रमित लगातार बढ़ रहे हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में इलाज लेने पहुंचने वाले सभी मरीजों की कोरोना जांच अनिवार्य कर दी है। बिना सैंपल दिए मरीजों की अस्पताल जांच नहीं होगी। रविवार को सिरसा के एक प्राइवेट डॉक्टर सहित कुल सात मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पांच महिलाएं संक्रमित हैं। जिले में अब 24 मरीज उपचाराधीन है।
रविवार को सिरसा में दो, डबवाली, कालांवाली, नाथूसरी चोपटा, रानियां और चौटाला में एक-एक मरीज कोरोना संक्रमित मिला है। जिले में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा 24 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 113 संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं। जिले में अभी 134 संदिग्धों के सैंपल की रिपोर्ट आना शेष है। जिले में अब एक मरीज का सरकारी अस्पताल और 23 को होम आइसोलेट किया गया है। रविवार को संक्रमित मिले मरीजों में से पांच महिलाएं जबकि दो पुरुष हैं। सभी की आयु 30 से अधिक है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मिलने वाले मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल भी एकत्र किए हैं। हालांकि संक्रमित में खांसी जुकाम के लक्षण पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक सात लाख 38758 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 34264 लोगों कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 547 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है, जबकि 33693 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में रविवार के छह मरीजों ने कोरोना को मात दी है, जबकि रिकवरी दर 98.33 फीसदी है।
हर रोज एक हजार मरीजों की होती है नागरिक अस्पताल में ओपीडी
नागरिक अस्पताल में अब हर रोज एक हजार मरीजों की ओपीडी हो रही है। ऐसे में कर्मचारियों की कमी के चलते सभी मरीजों के सैंपल लेने में भी कई तरह की समस्याएं सामने आने की आशंका है। विभाग की ओर से अस्पताल में एक डेस्क लगाया गया है। यहां पर पर्ची कटवाने के बाद मरीजों के सैंपल एकत्र किए जाते हैं। अस्पताल प्रशासन नेयहां पर अतिरिक्त कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा ।
कोरोना संक्रमित मिलने वाले मरीजों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। सभी मरीजों में खांसी, जुकाम के लक्षण पाए गए है। ओपीडी में जांच करवाने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को कोरोना सैंपलिंग करवाना अनिवार्य किया गया है।
-डॉ. हरसिमरण सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा ।