सिरसा। कुमारी सैलजा ने आयकर विभाग की पिछले पांच साल से लगातार रिटर्न भरी है। अपने घोषणा पत्र में जाहिर किया है कि उन्होंने 31 मार्च 2024 तक एडवांस में 12 लाख 50 हजार रुपये का टैक्स भरा हुआ है। साथ ही उनके पास 78 ग्राम की ज्वेलरी हैं, जिनकी कीमत 44 लाख 57 हजार 676 रुपये आंकी गई है। ज्ञात रहे कि 2019 में जब सैलजा ने अंबाला से अपना नामांकन भरा था, तब भी उन्होंने इतने ही गहने दिखाए थे। यानि पांच सालों में उन्होंने एक भी नया गहना नहीं खरीदा है।
-2022 के बाद घटी सालाना आय
शपथ पत्र में कुमारी सैलजा ने अपनी सालाना आय का जिक्र किया है। 2022 में उनकी आय में कमी आई है। आयकर विभाग को दी अपनी सालाना आय के अनुसार, 2018-19 में कुमारी सैलजा के पास 42 लाख 18 हजार 160 रुपये की आय थी। 2019-20 में यह बढ़कर 44 लाख 47 हजार 180, 2020-21 में 49 लाख 41 हजार 160, 2021-22 में 58 लाख, 36 हजार 990 रुपये और 2022-23 में 34 लाख 62 हजार 320 रुपये की आय है।
एमफिल हैं कुमारी सैलजा
कुमारी सैलजा ने अपनी 10वीं की पढ़ाई सीबीएसई पैटर्न से दिल्ली से की। इसके बाद उन्होंने 1982 में जियाेग्राफी में बीए ऑनर्स राजकीय कन्या महाविद्यालय चंडीगढ़, 1984 में पटियाला यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी में स्नातकोत्तर व इसी यूनिवर्सिटी से 1987 में अंग्रेजी माध्यम से एमफिल की है।