सिरसा। डॉ. गुरदास सिंह सोनी व डॉ. सिकंदर सिंह को जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं सम्मानित कर
डबवाली। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेकर स्काउट परिवार का गौरव बढ़ाने के लिए हरियाणा स्काउट दोनों प्रतिनिधियों का सोमवार को अभिनंदन किया गया। 33वीं एशिया-पैसिफिक रीजनल स्काउट जंबूरी, फिलीपींस में इंटरनेशनल सर्विस टीम के सदस्य के रूप में शामिल हुए डॉ. गुरदास सिंह सोनी व डॉ. सिकंदर सिंह को जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने सम्मानित किया।
शिक्षा अधिकारियों एवं स्काउट संगठन ने विश्वास जताया कि फिलीपींस से लौटे ये दोनों प्रतिनिधि अपने अनुभवों से जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएंगे और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम और ऊंचा करेंगे। इस अवसर पर डॉ. इंदर सैन ने कहा कि प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सेवा से जुड़े अनुभवों का लाभ अब जिला स्तर के स्काउट-गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मिलेगा।
उन्होंने सिरसा शिक्षा विभाग की वरिष्ठ अधिकारियों डीईओ सुनीता साई एवं डीईईओ डॉ. विजय लक्ष्मी के निरंतर मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं विद्यालय स्तर पर भी दोनों प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देसूमलकाना के प्रिंसिपल देविंदर सिंह एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसीतां के प्रिंसिपल निर्मल सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों के लिए उनके अनुभवों को मार्गदर्शक बताया।