संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), हरियाणा के निर्देशानुसार हुई।
इस आयोजन में करीब 1500 विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और मॉडलों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार रखा गया था। इसके तहत सात उपविषयों पर विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रत्येक उपविषय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 21 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को क्रमशः 2100 रुपये, 1800 रुपये और 1500 रुपये की नकद राशि तथा प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
उपविषयों के प्रमुख विजेता
बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरोखां के राजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण में राजकीय उच्च विद्यालय कुरंगावाली के अभिषेक कुमार प्रथम स्थान पर रहे। गणितीय प्रतिरूपण एवं संगणनात्मक चिंतन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसीतां के अजय कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई विषय में आरके सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा की वर्षा प्रथम रहीं।
प्रतियोगिताओं के अन्य विजेता
स्वदेशी कृषि पद्धतियों में राजकीय उच्च विद्यालय कुरंगावाली के जगजीत सिंह प्रथम स्थान पर रहे। ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान में राजकीय उच्च विद्यालय कुरंगावाली के जसदीप सिंह प्रथम रहे। आपदा प्रबंधन विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुस्सर के भविष्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण लाल, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, प्राचार्य मदन मलिक और जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करती हैं।