सिरसा। शिक्षा विभाग ने ई अधिगम योजना के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट देने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दसवीं के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। ऐसे में अगर कोई विद्यार्थी देरी से दाखिला लेता है तो उसे टैबलेट के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर इस बारे में निर्देश दिए हैं कि स्टॉक से विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराए जाए। जारी में पत्र में लिखा है कि नए सत्र से नई कक्षाओं में दाखिल होने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इनमें ऐसे विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने कक्षा 10 में नया एडमिशन लिया है। जो कक्षा 10वीं में इस साल फेल हो गए और इसी स्कूल में 10वीं में पढ़ रहे हैं, वे अपने टैबलेट अपने पास ही रखेंगे। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों ने प्रोविजनल एडमिशन लिया है, उन्हें विद्यालय में उपलब्ध स्टॉक में से टैबलेट्स दिए जाने हैं। वहीं दसवीं कक्षा में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट दिया जाएगा। ऐसे में किसी स्कूल में टैब खत्म हो जाते हैं तो ऐसे में स्कूल की ओर से विभाग को डिमांड भेजी जाएगी। इस डिमांड को विभाग निदेशालय को भेजेगा। ऐसे में विद्यार्थियों को टैबलेट काफी लंबे इंतजार के बाद मिलेंगे।
एमडीएम न होने पर पोर्टल पर करें शिकायत
विद्यार्थियों को दिए जाने वाले टैबलेट में एमडीएम होना अनिवार्य है। इस दौरान स्कूलों को सुनिश्चित करना होगा कि जिन विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जा रहे हैं उनके टैबलेट में एमडीएम होने जरूरी हो। किसी टैबलेट में एमडीएम न होने की स्थिति में अवसर पोर्टल पर विद्यार्थी को जारी करने के बाद अवसर पोर्टल ग्रिवेंस पोर्टल पर शिकायत डालें। यदि किसी विद्यार्थी के पास पूर्व में आवंटित टैबलेट हैं और उसने जमा नहीं करवाया है तो उस स्थिति में विद्यालय शैक्षणिक सत्र आरंभ होने पर उस विद्यार्थी का टैबलेट एमडीएम के लिए जांच करें। यदि टैबलेट में एमडीएम नहीं है तो शिकायत करें।
प्रोविजनल दाखिलों का टैबलेट देने से पहले एप पर करना होगा सुनिश्चित
राजकीय विद्यालयों में दसवीं के बाद 11वीं कक्षा में लेने वाले प्रोविजनल दाखिले लेने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट देने से पहले अवसर पोर्टल पर डाटा डालना होगा। वहीं इन विद्यार्थियों का डाटा देखना होगा कि इन्होंने पहले लिए गए टैबलेट को स्कूलों को जमा करवाया है या नहीं। यदि ऐसा विद्यार्थी जिसने प्रोविजनल एडमिशन लिया है, लेकिन परिणाम आने के बाद वास्तविक दाखिला नहीं लेता है तो उससे टैबलेट व डाटा सिम वापिस लिया जाएगा। वहीं 11वीं कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा पास करने उपरांत 12वीं कक्षा में अपने टैबलेट लेकर आएंगे। यदि कोई विद्यार्थी 12वीं की परीक्षा में फेल होने के बाद फिर उसी विद्यालय में 12वीं कक्षा में आता है तो उसे विद्यालय में उपलब्ध स्टॉक में से टैबलेट दिया जाना है।
राजकीय स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में विद्यार्थियों को दाखिला के साथ ही टैबलेट वितरित कर दिए जाएंगे। ऐसे में अगर किसी स्थिति में टैबलेट कम रह जाते हैं तो ऐसे में स्कूलों को टैबलेट के लिए डिमांड भेजनी होगी। मांग के बाद ही विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे।
-हरीश चावला, नोडल अधिकारी, ई अधिगम सिरसा।