सिरसा। गांव गोबिंदपुरा स्थित श्री शनिदेव मंदिर में 18 नवंबर बुधवार को 16वां विशाल संत सम्मेलन और भंडारा होगा। यह कार्यक्रम श्री शनिदेव महाराज की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
श्री शनिदेव केयर अर्थ फाउंडेशन यह आयोजन गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के मार्गदर्शन में कर रहा है। देशभर से संत-महापुरुष इसमें शामिल होंगे। वे अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देंगे।
फाउंडेशन के निदेशक हरमेश लाल ने बताया कि लंगर भंडारा सुबह 9 बजे से चलेगा। संत सम्मेलन सुबह 10:15 बजे शुरू होगा। धार्मिक आयोजन के साथ कृषि जागरूकता सम्मेलन भी होगा। इसका उद्देश्य किसानों को रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से जागरूक करना है।
साथ ही प्राकृतिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।