संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ई-टेंडरिंग के विरोध में उपमुख्यमंत्री आवास के पास पक्का मोर्चा लगाकर धरने पर बैठे सरपंचों ने सड़क पर ही रात गुजारी। वीरवार की सुबह जजपा नेता दिग्विजय चौटाला धरनास्थल पर पहुंचे। चौटाला ने सरपंचों से बातचीत की। सरपंचों ने मांग पत्र सौंपकर धरना समाप्त कर दिया। वहीं, सरपंचों ने बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह से फोन पर बातचीत कर उनके निजी सचिव को मांग पत्र सौंपा और गोपाल कांडा के आवास पर पहुंचकर मांग पत्र दिया।
ई-टेंडरिंग के विरोध में 16 जनवरी से सरपंच रोष प्रदर्शन कर रहे है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को मांग पत्र सौंपने के लिए सरपंच उनके आवास पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिसके चलते सरपंचों ने उनके आवास से कुछ दूरी पर ही पक्का मोर्चा लगाकर टेंट लगा दिया और रोड पर ही रात गुजारी। इस दौरान पुलिस बल भी रातभर धरनास्थल पर तैनात रहा। ऐसे में वीरवार को दोपहर 11.30 बजे जजपा युवा नेता दिग्विजय चौटाला सरपंचों से मिलने के लिए धरनास्थल पर पहुंचे। वहीं, दिग्विजय चौटाला ने सरपंचों को कहा कि आप आगे ही आ जाते, तो सरपंचों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें आगे जाने ही नहीं दिया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर पहले ही रोक लिया। जिसके कारण उन्हें उपमुख्यमंत्री आवास के पास ही पक्का मोर्चा लगाने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, दिग्विजय ने मांग पत्र लिया। सरपंचों को उनकी मांग आगे पहुंचाने का आश्वासन दिया।
बिजली मंत्री और गोपाल कांडा के नाम भी सौंपा मांग पत्र
दिग्विजय चौटाला की ओर से मांग पत्र लिए जाने के बाद पुलिस ने भी बैरिकेड खोल दिए। जिसके बाद सभी सरपंच एकत्र होकर बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां पर पुलिस बल भी तैनात रहा। सरपंचों के बैठने के लिए यहां पर कुर्सियां भी लगाई गई। बिजली मंत्री के निजी सचिव जगसीर ने सरपंच एसोसिएशन की राज्य उपप्रधान संतोष बैनीवाल और जसकरण कंग के साथ फोन पर मंत्री से बात करवाई। जिसके बाद उन्होंने बिजली मंत्री को अपनी मांगों के बारे में जानकारी दी और निजी सचिव को मांग पत्र सौंपकर लौट गए। इसके पश्चात सभी सरपंच सिरसा विधायक गोपाल कांडा के आवास पर पहुंचे। वहां, गोपाल कांडा से बातचीत कर मांग पत्र सौंपा गया।
उप राज्य प्रधान बोनीं - विधानसभा सत्र में नहीं उठाई गई मांग तो 20 से बनाएंगे नई योजना
वहीं, सरपंच एसोसिएशन की राज्य उपप्रधान संतोष बैनीवाल ने कहा कि 19 फरवरी से विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। जिसके चलते वह सभी विधायकों को मांग पत्र सौंप रहे हैं। ऐसे में विधानसभा सत्र में उनकी मांग नहीं उठाई गई तो वह 20 जनवरी को आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार करेंगे। हालांकि उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर सिरसा सरपंच एसोसिएशन प्रधान वेदप्रकाश, मुकेश कुमार, राम सिंह, सतीश कुमार, जितेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।