750 शहीद किसानों के स्मारक की मांग उठाएगा
- फसल खरीद की कानूनी गारंटी सहित लंबित मांगों को लेकर बहादुरगढ़ में जुटेंगे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा 26 नवंबर को टिकरी बॉर्डर तक मार्च निकालेगा। यह मार्च दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए करीब 750 किसानों के स्मारक के लिए जगह और फसल खरीद की कानूनी गारंटी सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर होगा।
मोर्चा ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन नेता सुमित दलाल ने बताया कि 3 नवंबर को नरवाना में हुई बैठक में 26 नवंबर को मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। दिल्ली किसान आंदोलन को शुरू हुए छह साल पूरे हो गए हैं पर केंद्र और हरियाणा सरकार ने किसानों के लंबित मुद्दों का समाधान नहीं किया है।
केंद्र ने आंदोलन स्थगित करते समय लिखित में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने का आश्वासन दिया था। इनमें फसल खरीद की कानूनी गारंटी, बिजली कानून की वापसी और पराली कानून के किसान विरोधी प्रावधानों को हटाना शामिल था। इन मांगों पर अब तक कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
मार्च के लिए बनाई रणनीति
दलाल ने आरोप लगाया कि बीज कानून, स्मार्ट मीटर योजना और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते जैसी पहल से किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है जबकि किसानों की आमदनी घट रही है। किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। 26 नवंबर को देशभर में प्रदर्शनों के तहत किसान बहादुरगढ़ में एकत्रित होंगे और वहां से टिकरी बॉर्डर तक मार्च निकालेंगे। उन्होंने सरकार से बातचीत के माध्यम से मांगों का समाधान करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। मार्च की तैयारियों के लिए प्रदेशभर में गांव-गांव अभियान चलाया जाएगा।