फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पति कहता रहा डॉक्टर को बुलाओ, नर्सें बोलीं सब ठीक है, दर्द से कराहती नवविवाहिता ने तोड़ा दम

Mon, 22 May 2017 12:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सिरसा
विज्ञापन
santnagar village - फोटो : Bureau
विज्ञापन
नर्सों की लापरवाही से जनता अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। नर्सों पर आरोप है कि गर्भवती की हालत नाजुक होने पर परिजन ड्यूटी पर तैनात दो नर्सों से डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन नर्सों ने परिजनों की एक न सुनीं और अपनी बातों में व्यस्त रहीं। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल की दो अज्ञात नर्सों के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


सिरसा के गांव संतनगर निवासी जसबीर सिंह की शादी 15 महीने पहले 23 फरवरी 2016 को नोहर निवासी मनिंद्र कौर से हुई थी। जसबीर सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी गर्भवती थी और डिलीवरी के दिन पास आने वाले थे। 18 मई को नोहर सरकारी अस्पताल में उसने पत्नी की जांच करवाई, लेकिन अस्पताल में कोई महिला डॉक्टर न होने के कारण वह उसे सिरसा ले आया। जहां जनता भवन रोड पर स्थित जनता अस्पताल में उसने  अपनी पत्नी मनिंद्र कौर को दाखिल करवा दिया। 19 मई की रात करीब साढे़ 12 बजे मनिंद्र कौर को पेट में पीड़ा होने लगी। डॉ. सुनीता बैनीवाल ने मनिंद्र कौर का चेकअप किया और कहा कि कोई चिंता वाली बात नहीं, सामान्य डिलीवरी करवा देंगे।

20 मई को डॉक्टर ने मनिंद्र कौर का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन से मनिंद्र कौर को मृत बच्चा पैदा हुआ। डॉक्टर ने मनिंद्र कौर को इमरजेंसी वार्ड में उपचाराधीन रखा। 20 मई की रात को नौ बजे मनिंद्र को पेट में दर्द होने लगा। पति जसबीर सिंह का कहना है कि ड्यूटी रूम में बैठी दो नर्सों से उन्होंने कहा कि प्लीज डॉक्टर को बुलवा दो मनिंद्र की हालत बिगड़ रही है। नर्स बोली, परवाह मत करो हमने मनिंद्र को नशे का टीका लगा रखा है सब ठीक हो जाएगा। इसके बाद मनिंद्र की हालत बिगड़ती चली गई और परिवार वाले नर्सों से गुहार लगाते रहे कि जल्दी डॉक्टर को बुलावा दो, लेकिन नर्सों ने एक सुनी और आपस में बातें करती रहीं।
विज्ञापन


गलत व्यवस्था और नर्सों की वजह से हुई मौत
मनिंद्र कौर को पीड़ा सहते हुए दो घंटे हो चुके थे, ऐसे में तेज चीख के साथ वह एकदम अचेत हो गई। यह देखकर नर्साें ने डॉक्टर का बुलवाया। डॉक्टर ने मनिंद्र कौर की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जसबीर सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मौत ड्यूटी पर मौजूद नर्सों की लापरवाही, जनता अस्पताल की गलत व्यवस्था के कारण हुई है। आपात स्थिति के लिए अस्पताल में कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं था, जो होना चाहिए था। अस्पताल प्रशासन की गलत व्यवस्था और नर्सों की लापरवाही ने मुझसे मेरी पत्नी छीन ली। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

जांच शुरू कर दी है
मृतका मनिंद्र कौर के पति जसबीर के बयान पर घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद नर्सों के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज किया गया है। दोनों नर्सों की पहचान की जाएगी। इसके अलावा जनता अस्पताल प्रशासन की गलत व्यवस्था को भी मौत का जिम्मेदार बताया जा रहा है। आपात स्थिति में अस्पताल मेें कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। इन आरोपाें की जांच की जाएगी।
विज्ञापन

-सुरजीत सहारण, जिला पुलिस प्रवक्ता, सिरसा।

मामले की जांच की जा रही है जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. राज कुमार कामरा, अस्पताल प्रशासक।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें