संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। लिपिक वर्ग की हड़ताल के कारण रोडवेज के 141 कर्मचारियों को वेतन पिछले दो माह से अटका हुआ है। इन कर्मचारियों में 56 परिचालकों, 53 चालकों और कौशल रोजगार के तहत 32 कर्मचारी शामिल है। कर्मचारी रोडवेज महाप्रबंधक को भी इस संबंध में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि वह पहले भी कई बार अधिकारियों को वेतन न आने को लेकर शिकायत दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा क्लर्काें की हड़ताल से रोडवेज सहित अन्य कार्यालय के कई कार्य भी अटके पड़े। मुख्यालय से पहुंचने वाले पत्र, डाक सहित अन्य कई दस्तावेज लंबित चल रहे हैं। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान सीता सिंह व राज्य मुख्य सलाहकार चमनलाल स्वामी ने कहस कि सरकार न तो कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी कर रही है और न ही क्लर्काें की मांग को पूरा कर रही है। सरकार को क्लर्कों की मांग को जल्द ही पूरा करना चाहिए, ताकि सभी कार्यालयों में फिर से कार्य सामान्य हो सके। डिपो में कई तरह के कार्य क्लर्कों की हड़ताल के कारण लंबित हैं।
सिरसा सरदूलगढ़ का रूट अभी नहीं हो पाया शुरू
गांव मुसाहिबवाला के पास नेशनल हाईवे की पुलिया बैठने के कारण एक सप्ताह बाद भी सरदूलगढ़ का रूट शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिरसा से सरदूलगढ़, मानसा और चंडीगढ़ जाने के लिए पहले इसी रूट के माध्यम से अधिक यात्री सफर करते थे। अब मानसा व सरदूलगढ़ की बसें केवल सरदूलेवाला तक आ रही हैं। इसके बाद यात्रियों को अन्य वाहन का सहारा लेकर सिरसा तक पहुंचना पड़ रहा है।
वर्जन
कौशल रोजगार योजना के तहत लगे कर्मचारियों के वेतन के लिए बिल मुख्यालय में भेजे जा चुके हैं। पास होती है उनका वेतन जारी कर दिया जाएगा। चालक परिचालकों में अधिक कर्मचारियों का वेतन आ रहा है। शेष रहे कर्मचारियों के दस्तावेजों में कमी होने के कारण इस तरह की परेशानी आ रही है। - शेर सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक, सिरसा डिपो