रानियां। ऐलनाबाद के एसडीएम वेद बैनीवाल ने शहर के बीडीपीओ कार्यालय में हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से जुड़े सदस्यों की बैठक ली। उन्होंने एसजीपीसी चुनाव के लिए सिखों के वोट बनाने संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने वोट बनाने संबंधी कार्यों में आ रही अड़चनों से एसडीएम को अवगत करवाया। शहर के वार्ड नंबर 15 से पार्षद प्रतिनिधि जसविंद्र सिंह भिंडर ने सुझाव रखा कि जो लोग श्री गुरु ग्रंथ साहब में आस्था व श्रद्धा रखते हैं उनके भी वोट बनने चाहिए। इसके साथ ही एसजीपीसी के चुनाव में सहजधारी सिखों को वोट डालने का अधिकार दिया जाए। बाबा जसविंद्र सिंह भिंडर के इस सुझाव को लेकर कमेटी सदस्यों में मतभेद पैदा हो गया। एक सदस्य ने इस बात का विरोध करते हुए तर्क दिया कि पंजाब में सहजधारी सिखों को वोट डालने संबंधी अधिकार दिया गया था फिर यह मामला अदालत में चला गया और पिछले 13 सालों से यह मामला विचाराधीन है। इसलिए यहां ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए अन्यथा हरियाणा कमेटी के चुनाव भी लटक जाएंगे। इसलिए सिर्फ केशधारी सिखों को ही वोट डालने का अधिकार होना चाहिए। एसडीएम वेद बैनीवाल ने प्रबंधक कमेटी से जुड़े सभी सदस्यों के सुझाव चुनाव आयोग तक भिजवाने का आश्वासन दिया।