- पुरानी सब्जी मंडी में वीरवार रात तीन साधुओं के बीच विवाद, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी में वीरवार रात शराब पीने के दौरान विवाद में एक साधु के सीने में बोतल का टूटा हिस्सा घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात में संलिप्त दो साधुओं का शुक्रवार रात तक कोई सुराग नहीं लगा। मृतक साधु की पहचान नहीं हो पाई है। शव को जिला नागरिक अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच में जुटी है।
जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी में रात करीब साढ़े नौ बजे तीन साधु शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो साधुओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक साधु ने पास पड़ी टूटी बोतल के नुकीले हिस्से को दूसरे साधु के सीने में घोंप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल साधु जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। किसी राहगीर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया। जांच अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग टीमें गठित की हैं जो मृतक की पहचान करने के साथ-साथ आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं।
-
वारदात को अंजाम देकर भागे साधुओं का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचित किया है। कस्बे में भी पता करवाया जा रहा है। - यगोश कटारिया, डीएसपी