बस स्टैंड पर खड़ी ट्रेनिंग स्कूल की बसें।
- फोटो : Sirsa
बस स्टैंड स्थित रोडवेज ट्रेनिंग स्कूल में गड़बड़ी होने की शिकायत पर शुक्रवार सुबह आरटीए हीरा सिंह टीम के साथ जांच करने के पहुंचे। हैवी लाइसेंस के लिए प्रशिक्षुओं का हाजिरी रिकॉर्ड जांचा गया। ऐसे में 30 प्रशिक्षु गैर हाजिर पाए गए। जिसके पश्चात रिकार्ड मुख्यालय को भेज दिया गया है।
सिरसा बस स्टैंड स्थित रोडवेज ट्रेनिंग स्कूल में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद आरटीए टीम सुबह 10 बजे बस स्टैंड ट्रेनिंग स्कूल में पहुंचे। यहां पर प्रशिक्षुओं का हाजिरी रजिस्टर जांचा गया। ऐसे में कई प्रशिक्षु ट्रेनिंग बस में सवार होकर रूट पर निकल चुके थे। उन्हें भी फोन कर वापस बस स्टैंड पर बुलाया गया। सभी प्रशिक्षुओं के बस स्टैंड पर पहुंचने के पश्चात उन्हें लाइन में लगाकर दोबारा से हाजिरी लगाई गई। जिसके दौरान 30 प्रशिक्षु गैर हाजिर पाए गए। हालांकि रजिस्टर के अनुसार प्रशिक्षुओं की संख्या ठीक पाई गई। सभी प्रशिक्षुओं के लर्निंग लाइसेंस की भी जांच की गई। जिसके पश्चात टीम ने ट्रेनिंग स्कूल का रिकॉर्ड मुख्यालय को भेज दिया।
ट्रेनिंग स्कूल में चल रहा अभी एक बैच
रोडवेज की ओर से ट्रेनिंग स्कूल को कुल 7 बसें दी गई हैं। हालांकि अब धुंध के कारण एक बैच ही चलाया जा रहा है। एक बैच में कुल 140 प्रशिक्षुओं को बसों में सवार किया जाता है। लेकिन जांच के दौरान कुल 110 प्रशिक्षु ही मिले। एक बस में 20 प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जाती है।
दो घंटे तक चली जांच प्रक्रिया
ट्रेनिंग स्कूल शुरू होने के दौरान तीन बसों को रवाना कर दिया गया था। जिसके पश्चात इन बसों को वापस बस स्टैंड पर बुुलाया गया। ऐसे में आरटीए टीम ने दो घंटे तक यहां पर जांच प्रक्रिया जारी रखी। इस मौके पर ट्रेनिंग स्कूल अधिकारी धर्मपाल और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कोट
ट्रेनिंग स्कूल की जांच प्रक्रिया रूटीन की है। इसमें 30 प्रशिक्षु गैर हाजिर पाए गए थे। मुख्यालय की ओर से आदेश आने के बाद ट्रेनिंग स्कूल की जांच की गई है।
- हीरा सिंह, आरटीए, सिरसा।