संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सिरसा पुलिस ने जांच के दौरान विभिन्न स्थानों से 10.8 लाख रुपये जब्त किए हैं। पुलिस तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उक्त राशि के बारे में संबंधित लोगों से पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब मौके पर नहीं दे पाए और न ही कोई दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। चुनाव आचार संहिता के चलते उक्त राशि को ट्रेजरी में जमा करवाकर आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि ऐलनाबाद थाना पुलिस ने राजस्थान के नुकेरा निवासी विनोद कुमार से 5 लाख 45 हजार की नगदी जब्त की है। एक अन्य घटना में ऐलनाबाद निवासी मक्खन से एक लाख रुपये, पंजाब के बठिंडा निवासी हर्षदीप से 1 लाख 27 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। डिंग थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान डिंग मोड क्षेत्र से डिंग मंडी निवासी अमनदीप से 3 लाख 7 हजार 900 रुपये जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच अक्तूबर के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सिरसा पुलिस ने अब तक करोड़ों रुपये की नकदी, मादक पदार्थ, शराब, हथियार, आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया है।