रावतसर के लिए चलाई जाने वाली बस ऐलनाबाद बस स्टैंड पर खड़ी। संवाद
ऐलनाबाद। हरियाणा रोडवेज ने मुख्य बस स्टैंड से राजस्थान के रावतसर तहसील के लिए सीधी बस शुरू की है। इससे क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी।
राजस्थान के रावतसर से बड़े स्तर पर ऐलनाबाद अनाज मंडी के लोगों व अन्य व्यापारियों का व्यापार चलता है। धार्मिक स्थल खेतरपाल महाराज का मंदिर है, जहां मेले में क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग जाते हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को निजी बस के भरोसे रहना पड़ता था। रावतसर जाने के लिए सिर्फ एक ही निजी बस थी, जो दोपहर तीन बजे चलती थी। इसके अतिरिक्त बसें नोहर जाती थीं। इसमें राजस्थान के देईदास में रावतसर जाने के लिए बस बदलनी पड़ती थी। अब रोडवेज की बस शुरू होने से राहत मिलेगी। बस 1 सितंबर को सिरसा से सुबह 7ः50 पर चलेगी, जो 8ः50 बजे ऐलनाबाद पहुंचेगी। ऐलनाबाद से 9ः10 पर चलकर वाया किशनपुरा, मिठनपुरा, कर्मशाना, ढंढेला, टोपरिया से होते हुए 10ः20 रावतसर पहुंचेगी। रावतसर से 10ः40 बजे वापस ऐलनाबाद के लिए चलेगी। ऐलनाबाद 11ः40 व 12ः50 पर सिरसा पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2ः20 सिरसा से चलकर ऐलनाबाद 3ः20 पहुंचेगी। ऐलनाबाद से 3ः40 से चलकर 4ः40 रावतसर पहुंचेगी। फिर रावतसर से 5ः10 पर चलकर सिरसा लगभग 8ः10 पर पहुंचेगी। बस की सुविधा प्रतिदिन मिलेगी।