संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मांगों पर सहमति बनने के बाद भी पूरा न होने के विरोध में रोडवेज के कर्मचारी 26 जून को प्रदेश में चक्का जाम करेंगे। इसको लेकर सर्व कर्मचारी संघ व रोडवेज साझा मोर्चा से जुड़े कर्मचारियों की बैठक वीरवार को डिपो वर्कशॉप में हुई। इसमें प्रदर्शन को लेकर रणनीति बनाई गई।जिला प्रेस सचिव व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि हिसार जीएम द्वारा दो कर्मचारियों का रंजिशन दूर-दराज क्षेत्र में तबादला कर दिया गया। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। सांझा मोर्चा के राज्य कमेटी के वरिष्ठ नेता सरबत सिंह पूनिया, आजाद सिंह गिल, संदीप रंगा व सुरेश पूनिया ने कहा कि 10 मार्च को साझा मोर्चा की बैठक में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उनमें से मुख्यालय ने किसी भी मांग को नहीं माना है। कर्मचारियों का तबादला गृह डिपो से 300-300 किलोमीटर दूर कर दिया है। इसके विरोध में 26 जून को हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम रहेगा। बैठक में सीता सिंह, मोहन सहारण, आत्माराम, चमन लाल स्वामी, निर्दोष कुलडिय़ा, शेर सिंह, लादूराम, सतपाल सिंह रानियां, प्रह्लाद सिंह, सतपाल सिंह, सुरेंद्र निरानियां, किम्मत सिंह ढाडां, सुभाष घोड़ांवाली, पृथ्वीराज चौहान आदि मौजूद रहे।
ये हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगें
परिचालकों व लिपिकों का वेतनमान 35400 किया जाए। चालक-परिचालक, निरीक्षक-उप निरीक्षक, कर्मशाला के कर्मचारियों के देय अर्जित अवकाश कटौती बारे जारी आदेशों को वापस लिया जाए। पत्र की हिदायतों अनुसार देय अर्जित अवकाश व सभी लाभ दिए जाएं। नई पेंशन नीति को बंद करके पुरानी पेंशन नीति को लागू किया जाए। लंबे समय से लंबित लिपिकों, टिकट वेरिफायर की प्रमोशन अति शीघ्र की जाए। डिपो स्तर पर कार्यालय में सांख्यिकी सहायक, सहायक लेखाकार, जूनियर ऑडिटर के पदों से कार्यालय अधीक्षक के पद पर प्रमोशन का अनुभव 12 वर्ष के बजाय पांच वर्ष किया जाए।