सिरसा। जीएम अजय दलाल को ज्ञापन सौंपते हुए रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी। स्वयं
सिरसा। हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को पिछले चार साल से लीव ट्रैवल कंसेशन (एलटीसी) का लाभ नहीं मिला है। नियमानुसार हर तीन साल में एक बार मिलने वाली इस यात्रा रियायत का भुगतान लंबित होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों के समक्ष मांग उठा चुके हैं लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि एलटीसी के तहत पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार यात्रा संबंधी लाभ दिया जाता है। यह सुविधा हर तीन साल में एक बार मिलती है लेकिन चार साल बीतने के बावजूद कर्मचारी इसके लाभ से वंचित हैं। इससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
इस संबंध में कर्मचारी जीएम अजय दलाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रख चुके हैं। कर्मचारियों के अनुसार जीएम ने उन्हें बताया कि एलटीसी का लाभ जारी करने के लिए अभी बजट उपलब्ध नहीं हुआ है। बजट जारी करवाने के लिए निदेशालय को पत्र भी लिखा जा चुका है।
कर्मचारियों का कहना है कि बजट जारी नहीं होने के कारण उनका हक अटका हुआ है। उन्होंने निदेशालय से एलटीसी के लिए जल्द बजट जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों ने कहा कि नियमानुसार मिलने वाले लाभ के लिए उन्हें लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा है। यदि विभाग ने जल्द एलटीसी का लाभ जारी नहीं किया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।