संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बारिश के बाद शहर के मुख्य रोड और गलियों में जगह-जगह पर गड्ढे बने गए हैं। रोड पर बजरी और पत्थर हादसों को न्योता दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से इस स्थिति को सुधारने को लेकर अभी तक कोई भी प्लान तैयार नहीं किया है। वहीं, बारिश के कारण 10 करोड़ की लागत से बनने वाली गलियों का निर्माण भी अटक गया है।
बारिश के बाद शहर के बाल भवन रोड, जाट धर्मशाला रोड, मुख्य बाजारों की गलियां व सड़क, वाल्मीकि चौक से नागरिक अस्पताल की तरफ जाने वाले रोड की स्थिति काफी खराब है। रोड पर बार-बार पानी जमा होने से यहां पर दूर तक बजरी बिखरी हुई है और रोड की तीसरी स्तर से बड़े पत्थर भी बाहर निकल आए हैं। ऐसे में वाहन चालक इन क्षेत्रों से जाने के बजाय लंबी दूर तय कर दूसरी तरफ से निकलने को मजबूर हैं। उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी भी शहर के मार्गाें का निरीक्षण कर स्थिति में सुधार करने का निर्देश दे चुके हैं, लेकिन फिर भी समाधान नहीं हो पा रहा है।
रेलवे फाटक के वीवीआईपी रोड पर 200 मीटर में 400 से अधिक गड्ढ़े
शहर का वीवीआईपी मार्ग बालभवन से लालबत्ती चौक के 200 मीटर क्षेत्र में 400 से भी अधिक गड्ढे बने हुए हैं। इस रोड पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से कई बार पैचवर्क किया जा चुका है, लेकिन पैचवर्क के दूसरे और तीसरे दिन ही रोड की स्थिति फिर से खराब हो जाती है।
चार माह पहले 25-25 लाख की लागत से हुई थी सड़कों की मरम्मत
मुख्य मार्गों, गलियों की मरम्मत करने के लिए नगर परिषद ने चार माह पहले 25-25 लाख के दो टेंडर लगाकर कार्य शुरू किया गया था। ठेकेदारों ने यहां पर खानापूर्ति करते हुए मरम्मत कर दी, जोकि एक सप्ताह बाद ही उखड़ गई। मामले की शिकायत होने व जांच किए जाने के बाद नगर परिषद ने ठेकेदारों की पेमेंट पर रोक लगा दी थी।
नागरिक अस्पताल रोड के नहीं सुधरे हालात
शहर के नागरिक अस्पताल रोड के एक तरफ की स्थिति काफी खराब है। वर्षों से इस रोड पर मरम्मत का कार्य नहीं हो पाया है। इसके दूसरी तरफ के बने इंटरलॉक से बने रोड को उखाड़ने के बाद तैयार कर दिया था, लेकिन अब यह भी काफी खराब हो गई है। यह रोड कही से ऊपर उठा हुआ है, तो कहीं से नीचे बैठा है।
10 करोड़ से तैयार होने वाली गलियों का निर्माण भी रुका
शहर के सभी वार्डों की 56 गलियों के निर्माण का कार्य बारिश के कारण अटका चुका है। करीब एक माह पहले ही इसके लिए मुख्यालय ने राशि जारी की थी। हालांकि मानसून सीजन निकलने के बाद नगर परिषद की ओर से गलियों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
वर्जन
बारिश के बाद शहर में गलियों के निर्माण कार्य को शुरू करवाया जाएगा, अन्य रोड की स्थिति जांची जाएगी। जल्द ही रोड की मरम्मत करवाने का कार्य किया जाएगा। - संदीप मलिक, ईओ, नगर परिषद सिरसा।