सिरसा। गांव बाजेकां की रीतू खेल जगत में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। हाल ही में रीतू ने 54वीं सीनियर नेशनल 2025 में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले भी वह दो बार नेशनल स्तर तक पहुंच चुकी हैं। रीतू का सपना अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने का है।
रीतू रोजाना सुबह और शाम मिलाकर लगभग छह घंटे अभ्यास करती हैं। वह बाजेकां स्थित हैंडबाल नर्सरी में प्रशिक्षण लेती हैं, जहां से उन्होंने खेल की बारीकियां सीखनी शुरू की थीं। छोटी उम्र से ही खेल के प्रति उसका रुझान रहा है और अपनी लगन व मेहनत के दम पर उसने यह मुकाम हासिल किया है। परिवार के सदस्य और कोच उसकी मेहनत और लगन को देखकर काफी गर्व महसूस करते हैं।
रीतू बताती हैं कि शुरू में खेल और पढ़ाई को साथ लेकर चलना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से वह दोनों में संतुलन बना पाईं। उनका कहना है कि कोच सुनील कुमार ने उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत का महत्व सिखाया है। वह चाहती हैं कि आने वाले समय में और भी बच्चे खेलों की ओर आगे बढ़ें।
-
रीतू की प्रमुख उपलब्धियां
- अंडर-17 स्कूल स्टेट प्रतियोगिता-2021 में रजत पदक
- 51वीं सीनियर नेशनल प्रतियोगिता-2022 में प्रतिभागी
- 54वीं सीनियर नेशनल प्रतियोगिता-2025 में प्रतिभागी
- अंडर-17 जूनियर स्कूल स्टेट प्रतियोगिता-2025 में कांस्य पदक