उपायुक्त शांतनु शर्मा अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेते हुए ।
सिरसा। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आ रही जन शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता से समाधान करें। शिविरों में आई जो भी शिकायतें लंबित है उनका जल्द से जल्द निपटान करना सुनिश्चित करें।
इस दौरान उन्होंने शिविर में आई शिकायतों के निपटान, लंबित व अस्वीकृत की समीक्षा की। शिकायतों से संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए शिकायतों के समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निवारण करना है।
इसलिए अधिकारी समाधान शिविर में आई शिकायतों हर रोज समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध निवारण करें। उन्होंने कहा कि अस्वीकृत शिकायतों का भी पुनरीक्षण कर उनका समाधान करें। उन्होंने बताया कि अबतक प्राप्त 6,046 शिकायतों में से 4,640 का समाधान किया जा चुका है। 298 शिकायतों पर काम चल रहा है और 383 शिकायतें अस्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि 111 रिओपन की गई हैं।
समाधान शिविर में हो रहा शिकायतों का निदान
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से शिकायतों के त्वरित निवारण को लेकर की गई समाधान शिविर की पहल से आमजन लाभान्वित हो रहे हैं। शिकायत किसी विभाग से संबंधित हो, शिविर में ही उसका समाधान किया जाता है। शिविर में सभी विभागों से संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहते हैं और अपने विभाग से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए उसका समाधान करते हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर लगाया जाता है। समाधान शिविर में विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। आमजन अपनी कोई भी समस्या हो, उसे समाधान शिविर में रखें और उसका समाधान करवाएं।