रेलवे अंडरपास में फर्श निर्माण में जुटे मजदूर व मिस्त्री।
डिंग मंडी। डिंग मंडी में रेलवे अंडरपास की मरम्मत कार्य शुरू हो गया है जिसके चलते संबंधित मार्ग को अस्थायी रूप से 10 से 15 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। अंडरपास की सड़क में गहरे गड्ढे हो गए थे जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क को कंक्रीट से नया बनाने का काम शुरू किया गया है जिससे यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने की उम्मीद है।
ग्रामीणों के अनुसार अंडरपास की सड़क लंबे समय से टूटी हुई थी। बारिश के दिनों में छोटे वाहनों के लिए अंडरपास से गुजरना मुश्किल हो जाता था। रात के समय हादसों का खतरा अधिक रहता था। अधिकारियों के अनुसार अंडरपास के मरम्मत कार्य के दौरान रास्ते को बंद करने के लिए संकेतक लगाए गए हैं। यह कदम निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह काम अगले 10 से 15 दिनों में पूरा होने की संभावना है।
चोपटा, नोहर जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों को अपनाना होगा
अंडरपास बंद होने के बाद चोपटा, नोहर और भादरा जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। भारी वाहनों को हाईवे और अन्य गांवों के सिंगल रास्तों का उपयोग करना पड़ रहा है, जो करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा है। दोपहिया वाहनों के लिए अंडरपास के साथ वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने इस मरम्मत कार्य को जरूरी बताया और कहा कि यह सड़क लंबे समय से खराब थी जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही थी। राजेश कुमार, लक्ष्मण और राम सिंह का कहना है कि गेहूं के सीजन को देखते हुए प्रशासन से अनुरोध है कि मरम्मत कार्य जल्दी पूरा किया जाए।