संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के गांव अबूबशहर, लोहगढ़ और फूलो के ग्रामीणों को होली पर बड़ी राहत मिली है। भुगतान को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग और ठेकेदार के बीच खींचतान थम गई है। ऐसे में ठेकेदार ने तीनों गांव की पेयजल सप्लाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ठेकेदार को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। ठेकेदार ने चेतावनी दी कि यदि पेमेंट नहीं मिली तो दोबारा तालाबंदी कर देगा।
डबवाली क्षेत्र के गांव अबूबशहर, लोहगढ़ में नये वाटर वर्क्स बने थे। इनका औपचारिक उद्घाटन भी अभी तक नहीं हो पाया है, लेकिन इन्हें चालू कर दिया गया है। ठेकेदार ने बिल भेजकर पेमेंट की मांग की तो विवाद हो गया और ऐसे में पेमेंट रोक दी गई। अभी मेंटनेंस का काम ठेकेदार ही देख रहा है। इससे नाराज ठेकेदार तरुण गर्ग ने इन दोनों वाटर वर्क्स के साथ-साथ फूलो के वाटर वर्क्स पर भी ताला जड़ दिया था और पानी सप्लाई रोक दी थी। अधिकारियों ने तरूण गर्ग को बुलाया और बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान करवा देंगे। ठेकेदार ने आश्वासन मिलने पर पानी सप्लाई चालू कर दी।
अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिला है कि एक सप्ताह में समाधान करवा देंगे। इसलिए पानी सप्लाई शुरू कर दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि एक हफ्ते में बिल क्लीयर नहीं हुए तो दोबारा ताला जड़ दिया जाएगा। -तरुण गर्ग, ठेकेदार।
ठेेकेदार को बुलाकर उसकी समस्या सुनी गई है। बिल भेज देंगे और जो भी विवाद है, उसका समाधान करवा देंगे। पानी चालू कर दिया गया है ताकि आमजन को परेशानियों का सामना न करना पड़े। -भानू प्रकाश, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग, सिरसा।