एसपी कार्यालय के बाहर पीड़ित पक्ष में एसपी से मुलाकत करते हुए पहुंचे लोग।
सिरसा। लॉ विभाग की अंशकालीन महिला प्रोफेसर के साथ प्रताड़ना के मामले में जनता अधिकार मोर्चा के सदस्यों और पीड़ित प्रोफेसर के पति ने पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। एसपी ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले में जल्द ही उचित कार्रवाई करेंगे।
सरदार कर्नल सिंह ओढां, डाॅ. राकेश सैनी, जसविंद्र सिंह और गुरविंद्र सिंह मोमी ने बताया कि एसपी डाॅ. मयंक गुप्ता से मुलाकात की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। एसपी से मिलने गए लोगों ने कहा कि कुछ लोग इस मामले में प्रशासन को गुमराह करने में लगे हुए हैं। हमारी पुलिस प्रशासन से बस यही मांग है कि महिला प्रोफेसर को न्याय मिलना चाहिए। हम लोगों ने डीएसपी से भी मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।
आईसीसी कमेटी को दिए दस्तावेज
इधर, प्रो रवि के पति डॉ. राकेश सैनी ने आईसीसी कमेटी से मुलाकात की। आईसीसी कमेटी ने शिकायत के साथ सभी दस्तावेज बतौर सबूत उनसे मांगे। जो उन्होंने आईसीसी कमेटी के समक्ष पेश किए। अब आईसीसी कमेटी इस मामले की गहनता से जांच करेगी।
यह है मामला
लॉ विभाग के चेयरमैन प्रो अशोक मक्कड़ पर इसी विभाग की अंशकालिक प्रो रवि ने प्रताड़ित करने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं, महिला प्रोफेसर की डिलीवरी कंडीशन की जानकारी होने के बाद भी विवि प्रशासन ने बिना सैलरी उन्हें अवकाश देने के आदेश जारी कर दिए। जबकि डिलीवरी के दौरान महिला को सैलरी देने का प्रावधान है। इस मामले में महिला प्रो रवि ने कोर्ट में गुहार लगाई है।
-
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। किसी के साथ अन्याय हुआ है तो उसे न्याय दिया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच होगी।
- डाॅ. विजय कुमार, कुलपति, सीडीएलयू