संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के राशन डिपो धारकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने डिपो से राशन लेने वाले पात्र-अपात्रों के बारे में रिपोर्ट तैयार कर ई-पीडीएस पोर्टल पर दर्ज करवाएं। इससे वास्तविक तौर पर जरूरतमंदों के बीपीएल कार्ड बन सकें और अयोग्य के नाम उस सूची से हट सके।
डिपो धारकों की रिपोर्ट सही पाए जाने पर नागरिक संसाधन सूचना विभाग हरियाणा-क्रीड द्वारा प्रोत्साहन के तौर पर 500 रुपये डिपो धारक के खाते में सीधे भेजे जाएंगे। बता दें कि क्रीड के पास लगातार अनुरोध आ रहे हैं, जिसमें योग्य होने के बाद भी राशन न मिलने को लेकर सबसे ज्यादा हैं। इन सब शिकायतों का सही प्रकार से समाधान हो, इसे देखते हुए क्रीड द्वारा ये कदम उठाया गया है ताकि सही व्यक्ति को योजना का लाभ मिल सके।
डिपो धारकों को मिलेगा प्रशिक्षण
सरकारी राशन डिपो धारक संबंधित परिवार की आईडी दर्ज करेगा और दिए गए विकल्प का चयन करेगा। इसके बाद अपनी टिप्पणी दर्ज करने के बाद पोर्टल पर सबमिट करेगा। जैसे ही कोई संशोधन डिपो धारक द्वारा दर्ज किया जाएगा तो वह रिपोर्ट में दिखाई देगा। इसके बाद ई-पीडीएस पोर्टल ऐसे सभी अनुरोध को क्रीड टीम के पास भेजेगा। यदि तीनों मामलों में डिपो धारक का दावा सही पाया जाता है तो वह 500 रुपये का हकदार होगा और उसका भुगतान डिपो धारक के खाते में किया जाएगा।
डिपो धारक को करना होगा ये काम
1. बीपीएल/एएवाई राशन कार्ड गलत बनाया गया है : इसका मतलब है कि परिवार को वास्तविक आप वास्तव में 1.80 लाख से अधिक है, लेकिन स्थानीय समिति के सत्यापन के कारण व 1.80 लाख से कम सत्यापित की गई थी।
2. पात्र लाभार्थी को छोड़ दिया गया है : इसका मतलब है कि परिवार की वास्तविक आय 1.80 लाख से कम है, जबकि स्थानीय समिति ने इसे 1.80 लाख से ज्यादा के रूप में स्थापित किया है। जिसके कारण बीपीएल राशन कार्ड नहीं बना।
3. विभाजित परिवार : वास्तविक रूप से परिवार के सदस्य एक छत के नीचे रह रहे हैं, लेकिन लाभ प्राप्त करने के लिए वे कई परिवारों में विभाजित हो गए हैं। इस मामले में डिपो धारक परिवार आईडी दर्ज करेगा।