संवाद न्यूज एजेंसी
डिंग मंडी (सिरसा)। नरेलखेड़ा गांव के पास रंगोई नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। पांच गांवों के किसान व सरपंच मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को काबू करने का विचार विमर्श किया। सरपंचों तथा ग्रामीण आपात बैठक कर डीसी तथा आला अधिकारियों से मिलने के लिए पहुंचे।
सोमवार सुबह रंगोई नाला आरडी 169000 डिंग रोड के नजदीक नरेलखेड़ा गांव के पास ओवरफ्लो हो गया। नरेलखेड़ा से सरपंच हरदीप सिंह, डिंग रोड सरपंच मुकेश रेगर, पतली डाबर सरपंच लखविंदर सिंह, बग्गुवाली सरपंच रिंकू व मौजूखेड़ा सरपंच हरपाल सिंह सहित ग्रामीण हरनेक सिंह संधा, अंग्रेज सिंह, अवतार सिंह, बलदेव सिंह, केवल सिंह हांडा ने बताया कि पानी पुल से टकराकर ओवरफ्लो हो रहा है। पीछे से जलकुंभी आ रही है। यहां मुख्य सड़क का पुल नीचा है। इसके अलावा गांव भावदीन के पास भावदीन-नरेलखेड़ा संपर्क सड़क पर रंगोई नाले पर साइफन पाइप लगाई हुई है। इसकी अड़चन से नाला ओवरफ्लो हो रहा है। इस दौरान सरपंचों ने साथ लगते गांव वासियों को नाले के तटबंधों पर पहरा देने की अपील की।
बुर्जकर्मगढ़ के सरकारी स्कूल की गिरी दीवार
बुर्जकर्मगढ़ में सोमवार दोपहर बाद सरकारी स्कूल की दीवार भी गिर गई। दीवार गिरने के कारण गांव वासियों की चिंता भी बढ़ गई। गांव को बचाने के लिए यहां पर दीवार के साथ मिट्टी के बैग लगाए जा रहे हैं। सरपंच मनोज मेहता ने कहा कि उनका उनके गांव से पानी की निकासी आगे नहीं हो रही है। नेशनल हाईवे के नीचे के साइफन बंद होने के कारण स्थिति खराब हो रही है। वे अपने स्तर पर बचाव के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।