नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी कीं त्रुटियां दूर करवाने पहुंचे शहरवासी। संवाद
सिरसा। क्लर्कों की हड़ताल के कारण नगर परिषद में टैक्स जमा करने, प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक करने सहित अन्य कार्य रुक गए हैं। अब प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक करने की आई शिकायतें लंबित होती जा रही है। सिरसा नगर परिषद में अब तक 2300 के करीब शिकायतें लंबित हो चुकी हैं। इस कारण प्लाॅट धारकों की समस्या का हल निकालने के लिए नगर परिषद की ओर से नई आईडी भी बनाई गई है लेकिन इस पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
नगर परिषद में हर रोज 40 के करीब प्रॉपर्टी आईडी में गलतियां होने की शिकायतें पहुंच रही है। लेकिन क्लर्कों की हड़ताल के कारण उनकी जांच तक नहीं हो पा रही है। ऐसे में कर्मचारी प्रॉपर्टी धारकों को हड़ताल खत्म होने के बाद ही काम शुरू हो पाने की जानकारी देकर वापस लौटा रहे हैं। नगर परिषद की ओर से इसके लिए बीते शनिवार को प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए कर्मचारियों का पोर्टल पर नया अकाउंट भी बनाया था। लेकिन पोर्टल की आईडी की जानकारी न होने व पूरा डाटा नई आईडी पर शो न होने के कारण गलतियों को ठीक करने का काम भी शुरू नहीं हो पा रहा है। ऐसे में ऑनलाइन और ऑफलाइन आने वाली शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। नगर परिषद के अन्य कर्मचारियों की ओर से प्रॉपर्टी आईडी संबंधित सामान्य जानकारी ही लोगों को देकर वापस भेजा जा रहा है।
50 फीसदी बंटे असेसमेंट नोटिस, इनमें भी भारी कमी
प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों संबंधित लोगों को जानकारी देने और टैक्स जमा करवाने संबंधी नगर परिषद की ओर से असेसमेंट नोटिस प्रॉपर्टी धारकों को बंटवाए जा रहे हैं। प्रथम चरण में 17 हजार प्रॉपर्टी धारकों को असेसमेंट नोटिस बांटे जाने हैं। इनमें से अभी तक केवल 8300 के करीब ही नोटिस बांटे गए हैं। इन नोटिसों के बांटने के बाद लोग टैक्स जमा करवाने व प्रॉपर्टी आईडी में गलती होने की शिकायत देने के लिए नगर परिषद में पहुंच रहे हैं। जिसके पश्चात अधिकारियों की ओर से उसकी जांच की जा रही है। अगर किसी प्रॉपर्टी धारक की आईडी ठीक है तो उसका टैक्स भरा जा रहा है। अगर किसी की आईडी में दिक्कत है तो उसकी शिकायत को जमा किया जा रहा है।
वर्जन
प्रॉपर्टी आईडी की शिकायतें काफी आ रही हैं। अभी क्लर्काें की हड़ताल के कारण त्रुटियां ठीक नहीं हो पा रही है। इसके लिए आईडी बनाई गई है। जल्द ही त्रुटियों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-मनीष सैनी, इंचार्ज, प्रॉपर्टी आईडी ब्रांच, नगर परिषद सिरसा।