संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर के व्यस्ततम मार्केट गोल बाजार में स्थित एक मोबाइल की दुकान से बुधवार शाम को ठग तीन पुराने मोबाइल फोन लेकर भाग गया। घटना से इलाके में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोल बाजार पुलिस चौकी के नजदीक स्थित विनोद टेलीकॉम नामक दुकान पर एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने दुकानदार से पुराने मोबाइल फोन दिखाने की बात कही। दुकानदार विनोद ने भरोसा करते हुए तीन मोबाइल फोन काउंटर पर उसके सामने रख दिए।
इसी दौरान ठग ने बड़ी चतुराई से दुकानदार को बातों में उलझा लिया। मौका पाते ही उसने काउंटर पर रखे तीनों मोबाइल उठाए और पैदल ही बाजार की भीड़ में भाग गया। जब तक दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी नजरों से ओझल हो चुका था।
दुकानदार विनोद कुमार ने बताया कि चोरी हुए मोबाइल फोनों की कीमत 15 हजार रुपये से अधिक है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इस संबंध में गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने कहा कि आसपास दुकानों में लगे कैमरों से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।