पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का रुख बदल गया है। रविवार रात को सिरसा व अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। चोपटा क्षेत्र के नहराणा, तरक्कावालीं और शकरमंदोरी गांव में सोमवार दोपहर बाद बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार मंगलवार को भी बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
गांव नहराणा के किसानों का कहना है कि करीब 15 मिनट हुई ओलावृष्टि से सरसों व गेहूं की फसल खराब हो गई। किसान बंसीलाल, लीलू राम, संदीप कुमार, सुनील कुमार, विक्रम ने बताया कि पिछले दो दिन से मौसम खराब चल रहा है, सोमवार को दोपहर के बाद अचानक बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई जिससे खेतों में पककर तैयार खड़ी सरसों में गेहूं की फसल और नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि करीब 15 मिनट तक हुई। एक बार जमीन पर सफेद चादर सी बीछ गई।
किसानों का कहना है कि बड़ी मुश्किल से सरसों व गेहूं की फसल को पकाया था और जब पक कर तैयार हुई तो प्रकृति की मार के आगे बेबस हो गए। किसानों ने सरकार से फसल के मुआवजे की भी मांग उठाई है।