सिरसा/डिंग मंडी। मौसम में हर रोज बदलाव होने के साथ ही जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। वीरवार अलसुबह सिरसा में चार, डिंग में 50 व कालांवाली में 20 एमएम बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। डिंग क्षेत्र में फसलें पानी में डूब गईं, जिससे इनमें नुकसान का आशंका है। किसानों का कहना है कि अगर अब इससे अधिक बारिश हुई तो उन्हें ज्यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
वीरवार सुबह छह बजे ही जिले के कई क्षेत्रों में बारिश होना शुरू हो गई। सिरसा शहर में 11 बजे तक हल्की बूंदाबांदी चलती रही। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। सिरसा शहर में चार, कालांवाली में 20 व डिंग मंडी में 50 एमएम बारिश हुई है। बुधवार के मुकाबले वीरवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद सुबह अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया है। शहर में सुबह से ही मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि दोपहर बाद फिर से धूप की दस्तक होने पर लोगों को गर्मी के कारण परेशान भी होना पड़ा ।
डिंग में 50 एमएम बारिश से जल में डूबीं फसलें
डिंग क्षेत्र में सुबह 6 बजे शुरू हुई बारिश नौ बजे तक जारी रही। इस दौरान 50 एमएम बारिश दर्ज की गई। क्षेत्र के गांव डिंग रोड, पतली डाबर , मौजूखेड़ा, भावदीन, जोधका, मोचीवाली, ढाणी माजरा, खुहवाली ढाणी व सुचान कोटली क्षेत्र में करीब 12 सौ एकड़ में फसलें पानी में डूबी गईं। इसके बाद किसानों ने ट्यूबवेल में पानी की निकासी करनी शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र के रेलवे अंडर पास, मुख्य रोड सहित अलग-अलग क्षेत्रों में जाने वाले रास्ते भी पूरी तरह से बंद रहे।
इन क्षेत्रों में हुई इतनी बारिश
क्षेत्र एमएम
सिरसा 04
डिंग 50
पंजुआना 12
रोड़ी 20
कालांवाली 05
गोलेवाला 15
झंडा 30
नहराणा 30
दो दिनों तक मौसम रहेगा खराब, तेज बारिश होने की है संभावना
वहीं मौसम विशेषज्ञ की माने तो आने वाले दो दिनों तक मौसम खराब रहेगा। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी। हालांकि इसे कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है। बारिश धान क्षेत्र के किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। इस समय धान की खेती के लिए पानी पानी की काफी आवश्यकता रहता है। बारिश के बाद धान, नरमे, ग्वार व अन्य फसलों का फुटाव भी काफी तेजी से होगा।
बारिश के बाद डिंग मंडी क्षेत्र के खेतों मे हुआ जलभराव का दृश्य। संवाद- फोटो : Sirsa