सिरसा। रेलवे पुल के नीचे चल रहे अवैध अहाते पर फूड सेफ्टी और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने देर शाम छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से अहाते में अफरा-तफरी मच गई। टीम को देखते ही वहां शराब पी रहे कई लोग मौके से भाग निकले। जांच के दौरान अहाता संचालक के पास खाद्य कारोबार का अनिवार्य एफएसएसएआई लाइसेंस नहीं मिला।
विज्ञापन
फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. सुनील बिश्रोई के नेतृत्व में टीम गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की। संचालक से खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद टीम ने अहाते में परोसी जा रही चन्ना चाट सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए। पास में स्थित शराब ठेके से भी शराब के सैंपल एकत्र किए गए। सभी नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री और शराब की गुणवत्ता का पता चलेगा। बिना एफएसएसएआई लाइसेंस खाद्य कारोबार चलाने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।