संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। त्योहारी सीजन के चलते दुकानदार लोगों को मिलावटी मिठाई न परोसे इसके लिए मुख्यमंत्री उड़न दस्ते और खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने छापे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को टीम ने गांव जोड़कियां में दुकान पर छापा मार अलग-अलग मिठाइयों व उपलब्ध सामान के नौ सैंपल भरे गए हैं। इसके अलावा घी बनाने के लिए रखी सात किलो क्रीम खराब मिली, जिसे नष्ट करवाया गया।
सीएम फ्लाइंग के एसआई रामफल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आजाद ने संयुक्त रूप से गांव जोड़किया स्थित ऐके एस फूड्स दुकान पर जांच की गई। यहां परटीम ने संचालक को सफाई रखने की हिदायत भी दी। टीम ने दूध, दही, घी, पनीर, मावा, गुलाब जामुन, रस्सगुल्लो व कुल्फी के सैंपल भरे और जांच के लिए लैब भेज हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
धनूर गांव में राशन डिपो पर किया छापा, सात क्विंटल अधिक मिला गेहूं
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के एएसआई सुरेंद्र कुमार और एएफएसओ जगतपाल ने रानियां के गांव धनूर में स्थित राशन डिपो पर छापा कार्रवाई कर दी। टीम ने डिपो संचालक के पास उपलब्ध मशीन और स्टॉक का मिलान किया। जांच के बाद डिपो में सात क्विंटल अधिक गेहूं पाया गया। इसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने डिपो संचालक अमरजीत सिंह निवासी धनूर के खिलाफ रानियां थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। पुलिस अब मामले में कार्रवाई करेगी।