संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। नई अनाज मंडी क्षेत्र में संदिग्ध डीएपी खाद का स्टॉक मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। किसानों द्वारा मौके पर पहुंचकर बड़ी मात्रा में डीएपी के बैग पकड़े जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। किसानों ने आरोप लगाया कि खाद के बैगों पर जरूरी जानकारी अंकित नहीं थी। इससे खाद के नकली होने की आशंका जताई जा रही है।
क्यूसीआई (क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया) एसडीओ अमित कुमार ने बताया कि नई अनाज मंडी स्थित 86 नंबर दुकान में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद का स्टॉक रखा हुआ था। किसानों को जब इसकी सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे और स्टॉक की जांच की मांग उठाई। मौके पर करीब 100 से अधिक बैग होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर क्यूसीआई डबवाली की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। किसानों ने अधिकारियों को शिकायत देते हुए बताया कि खाद के बैगों पर निर्माता कंपनी, बैच नंबर, गुणवत्ता संबंधी जानकारी व अन्य जरूरी विवरण अंकित नहीं हैं जो नियमों के विरुद्ध है। किसानों ने आशंका जताई कि यह नकली या अवैध तरीके से रखी गई डीएपी हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग के एसडीओ अमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान दुकान मालिक ने बताया कि उसने दुकान मोहित अरोड़ा नामक व्यक्ति को किराए पर दी हुई है। मोहित अरोड़ा ने कहा कि वे राज्य से बाहर गए हैं। कल आएंगे। ये स्टॉक उनके किसान का है। मोहित के उपस्थित न होने पर अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए गोदाम को सील कर दिया।
एसडीओ अमित शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि खाद नकली पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि किसानों के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो सके।