बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव आनंदगढ़ में एक धार्मिक स्थल की भूमि को लेकर विवाद में पुलिस ने अप्रिय घटना की आशंका के चलते दो पक्षों के 18 लोगों को नामजद किया है।
जानकारी के मुताबिक गांव आनंदगढ़ में ठाकुरजी मंदिर की नौ एकड़ भूमि पर पिछले कुछ समय से मंदिर के तीन सेवादारों और ग्रामीणों का मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 100 वर्ष पूर्व गांव के लोगों ने मंदिर के नाम पर नौ एकड़ भूमि दान में दी थी। जिसकी मलकीयत ठाकुरजी मंदिर के नाम चल रही है।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में ठाकुर जी मंदिर में भागीरथ शर्मा नामक पुजारी सेवा करता था। उसके निधन के बाद उसके पुत्र बलराम, श्रीराम, बलराम, भीष्म देव ने उक्त जिम्मा संभाल लिया। ग्रामीणों के अनुसार उक्त लोगों ने मंदिर की कोई संभाल नहीं जिसके चलते उनसे सेवा वापस ली गई। इसके बाद ग्रामीणों ने एक अन्य पुजारी को बैठाते हुए मंदिर के संचालन के लिए एक समिति का गठन करते हुए नौ एकड़ भूमि व मंदिर की संभाल शुरू कर दी।
उधर मंदिर से हटाए गए तीनों सेवादारों ने मंदिर की नौ एकड़ भूमि पर हक जताया तो वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि ठाकुर जी के नाम है और उक्त लोग इसे हड़पने की फिराक में है। मामला उस समय गर्मा गया जब विवादास्पद भूमि पर तीनों पुजारी सेवादारों ने ट्रैक्टर घुसाने की कोशिश की तो सूचना पाकर गांव से काफी लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों को हिरासत में लिया।
मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने विवादास्पद भूमि पर किसी अप्रिय घटना की आशंका के चलते एक पक्ष के श्रीराम, बलराम व भीष्म देव व दूसरे पक्ष के दलबीर सिंह, ओमप्रकाश, कृष्ण कुमार, कुलदीप, रोहतास, साहब राम, राजबीर, नरेश कुमार, बलवीर, अमर सिंह, राम कुमार, कृष्ण कुमार, अमर सिंह, सुनील कुमार व अजायब सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया।
देखिए भूमि मंदिर के नाम है लेकिन हम पिछले 60 सालों से गैर मरुसी बिना लगान के काश्त काबिज हैं। हमारे पास इसकी गिरदावरी भी है। गांव के कुछ लोग बेवजह हमसे भूमि छीनना चाहते हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
-बलराम शर्मा पुजारी