जींद से नोहर जाने वाली बस के परिचालक से बुधवार सुबह कुछ सवारियों का झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद गांव लुदेसर के दो युवकों ने बस रूकवाकर परिचालक से मारपीट शुरू कर दी।
बस परिचालक पीरदान निवासी गांव परलीका ने बताया कि बुधवार करीब साढ़े 11 बजे बस जब चोपटा से नोहर की तरफ चली तो लुदेसर गांव से भी कुछ सवारियां बस में बैठी। आरोप है कि एक लड़की भी बस में बैठी जिससे टिकट लेने की बात कही तो लड़की ने बस पास होने की बात कही।
परिचालक के अनुसार जब उसने प्राइवेट बस में पास मंजूर न होने की बात कही तो लड़की भड़क गई और उसे गालियां देते हुए अपने गांव में फोन करके कुछ लड़कों को बस स्टैंड पर बुला लिया। बस जब गांव के बस स्टैंड पर पहुंची तो दो युवकों ने बस परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और बस के आगे के शीशे तोड़ दिए। मामले की सूचना चोपटा थाना में दी गई। बस परिचालक ने बताया कि मारपीट करने वाले दोनों युवक लुदेसर गांव के थे, जो उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं बताया गया है कि झगड़े में एक महिला को चोटें आई हैं जो उस लड़की की मां थी। घायल महिला को सिरसा के अस्पताल में भर्ती करया गया है।