सिरसा। आढ़तियों व किसानों के हित में काम रह रही आढ़ती एसोसिएशन सिरसा ने इस बार भी धान व नरमा की खरीद को देखते हुए आढ़तियों के हित में कई निर्णय लिए हैं। एसोसिएशन की एक बैठक जनता भवन में प्रधान मनोहर मेहता की अध्यक्षता में हुई, जिसमें कई निर्णय लिए गए ताकि आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रधान मनोहर मेहता ने बताया कि बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों व आढ़तियों ने अपने-अपने सुझाव दिए। उसके बाद मंडी हित में निर्णय लिया गया कि धान व अन्य जिन्सों के खरीदारों के बकाया मूल व ब्याज का भुगतान 30 सितंबर 2024 तक नहीं होता है तो आने वाले सीजन में धान व अन्य फसलों की खरीद नहीं दी जाएगी। किसी भी दुकानदार द्वारा नया मुनीम रखने पर उससे पुराने आढ़ती की एनओसी लेना जरूरी है अन्यथा पहले दुकानदार का कोई भी बकाया होने पर नया दुकानदार उसके प्रति उत्तरदायी होगा। रविवार को सभी प्रकार की जिन्सों की बोली बंद रहेगी। इस पर अमल न करने पर 2,100 रुपये की गोशाला की पर्ची काटी जाएगी। धान का रेट बोली करवाने के बाद निकाला जाए।
उससे पहले किसी प्रकार की खरीद बेच नहीं होनी चाहिए। प्रधान ने कहा कि कई खरीदार ऐसे हैं जिनकी तरफ लाखों रुपये बकाया है। इसलिए बकाया का भुगतान करने पर ही उन्हें धान व अन्य फसलों की खरीद दी जाएगी। बैठक में एसोसिएशन के उपप्रधान प्रेम बजाज, सचिव दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष कुणाल जैन, सहसचिव महावीर शर्मा, राजेंद्र नंबरदार, उपप्रधान दीपक नड्डा, उपप्रधान सुशील कसवां, उपप्रधान हनी अरोड़ा, उपप्रधान अनीश गर्ग, संगठन सचिव सुशील रहेजा, कृष्ण गोयल, बाबा रामदास, नरेंद्र धींगड़ा, लाभ चंद कंबोज, धर्मपाल जिंदल, ज्ञान चंद गर्ग, चिमन मोंगा, गुरजंट गिल व श्याम लाल गर्ग सहित काफी संख्या में आढ़ती उपस्थित थे।