संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां (सिरसा)। वारिस पंजाब दे के प्रमुख भगोड़े अमृतपाल सिंह से संबंधित मामले में पंजाब पुलिस रानियां खंड के गांव कुत्ताबढ़ में पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस कुत्ताबढ़ निवासी बलविंदर को पूछताछ के लिए रानियां थाना में लेकर आई। देर रात तक पुलिस ने बलविंदर सिंह से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को रानियां क्षेत्र में दूसरे दिन फिर से दबिश दी। इस दौरान पंजाब पुलिस के साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम भी मौजूद रही। दोपहर को रानियां पुलिस को साथ लेकर पंजाब पुलिस क्षेत्र के गांव कुत्ताबढ़ से बलविंदर सिंह को पूछताछ के लिए रानियां थाना में लेकर आई। इस टीम में कई अधिकारी व पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे जोकि सादा वेशभूषा में थे। पकड़े गए युवक से देर शाम तक पूछताछ जारी रही। बता दें कि इससे पूर्व पंजाब पुलिस ने दो दिन पहले नगराना में नाकेबंदी करके कई लोगों से पूछताछ की, जिससे अमृतपाल को लेकर पंजाब पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।