सिरसा। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से स्थायी समाधान करना है, इसलिए सभी अधिकारी समाधान शिविर या अन्य माध्यम से आने वाली जन शिकायतों के निवारण के लिए किसी भी प्रकार की देरी न करते हुए तय समय में स्थायी समाधान करें।
वे शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सोमवार और वीरवार को आयोजित समाधान शिविर, सीएम विंडो व अन्य माध्यम से आईं शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि आमजन समाधान शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाकर अपनी समस्याएं हल करवा सकते हैं। विभागीय अधिकारी अपने स्तर पर समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग करें। यदि शिकायत के मामले में किसी प्रकार के मार्गदर्शन की आवश्यकता है तो तुरंत मांगा जाए ताकि समस्या का समय पर समाधान हो।
उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष, जो शिकायतें उनके कार्यालय से संबंधित है, उन पर संज्ञान लें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करें। उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त हुईं 5,879 जन शिकायतों में से 4,511 का समाधान किया जा चुका है और 786 शिकायतों पर काम चल रहा है। इसके अलावा 335 शिकायतें खारिज की जा चुकी है, वहीं 119 शिकायतें रिओपन है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न करें ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
इस मौके पर डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल, सीईओ जिला परिषद डॉ. सुभाष चंद्र, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, सिंचाई विभाग से कार्यकारी अभियंता मंदीप बेनीवाल, जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार, डीआरओ संजय चौधरी, डीडीपीओ बलजीत सिंह, ललित कुमार, गुलशन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।