- प्राथमिक शिक्षक बोले, अवकाश के दिन प्रशिक्षण तय करना शिक्षकों के अधिकारों और विद्यालयी व्यवस्था पर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। निपुण हरियाणा मिशन के तहत 10 अक्तूबर, शनिवार को प्रस्तावित एफएलएन प्रशिक्षण पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरसा ने कड़ी आपत्ति जताई। संघ ने इसे शिक्षकों के अवकाश और सेवा संबंधी अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने 10 अक्तूबर को होने वाले प्रशिक्षण के बहिष्कार का एलान किया है।
जिला प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि एफएलएन प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशिक्षण आवश्यक है, तो इसे नियमित कार्यदिवसों में क्यों नहीं रखा गया। शर्मा ने जनगणना, मतदाता पुनरीक्षण जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी का मुद्दा उठाया।
उनका कहना है कि इससे शिक्षकों के मूल शैक्षणिक दायित्व पर असर पड़ता है। शिक्षकों को एफएलएन प्रशिक्षण से कोई आपत्ति नहीं है। वे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के पक्षधर हैं। लेकिन अवकाश दिवस को कार्यदिवस में बदलना उचित नहीं है। चौपटा प्रधान सुधीर सुथार ने भी नियमित कार्यदिवसों में प्रशिक्षण की बात कही।
प्रशिक्षण स्थगित करने की मांग
संघ ने सवाल किया कि यदि विद्यालयी कार्यदिवसों में प्रशिक्षण से पढ़ाई प्रभावित होती है तो अन्य विभागीय कार्यों के दौरान शिक्षण-व्यवधान की भरपाई कैसे होती है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि 10 अक्तूबर को निर्धारित एफएलएन प्रशिक्षण में शिक्षक शामिल नहीं होंगे। संघ महासचिव विजय सहारण ने विभाग से प्रशिक्षण स्थगित कर इसे किसी नियमित कार्यदिवस में पुनर्निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने भविष्य में प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करते समय घोषित अवकाशों का ध्यान रखने को भी कहा।