बुधवार को वापिस जा रहा गैंस टैंकर_____ग्रामीण।
गांव में घुसने की कोशिश कर रहे गैस टैंकर को लौटाया, 2019 के हादसे के बाद से जारी है विरोध
फोटो- 13, 14
संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव रोड़ी में एक बार फिर गैस टैंकरों की आवाजाही पर ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। बुधवार को गैस टैंकरों ने गांव के रास्ते से गुजरने का प्रयास किया तो ग्रामीणों को इसकी सूचना मिल गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने टैंकर चालक को सख्त चेतावनी देते हुए लौटा दिया। ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीण बचित्र सिंह, राजविंदर सिंह, सूरज सिंह, गुरतेज सिंह, गुरसेवक सिंह, वकील सोनी आदि ने कहा कि लंबे समय से गांव के अंदर से गैस टैंकरों के गुजरने पर रोक लगाई गई है। इसे दोबारा किसी भी सूरत में शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उनका आरोप है कि इन टैंकरों की वजह से पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ है। इसी कारण ग्रामीण सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम उठाने के पक्ष में नहीं हैं।
19 जून 2019 को इसी मुद्दे को लेकर गांव में बड़ा आंदोलन हुआ था। उस दौरान गैस टैंकर की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और नौजवान भारत सभा ने रोड़ी पुलिस नाके पर धरना देकर सड़क जाम कर दी थी। उस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई थी और टैंकरों के रूट को स्थायी रूप से बदलने की मांग उठाई गई थी।
तत्कालीन घटनाक्रम में एसडीएम, बीडीपीओ और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभाला था। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले धरने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। उस समय प्रशासन ने टैंकरों को गांव के रास्ते से न गुजरने देने का भरोसा दिलाया था। उसके बाद गांव से ये टैंकर गुजरने बंद हो गए थे।