- दुकानदार बोले- नहीं किया सड़क का लेवल दुरुस्त तो होगा आंदोलन
- बरसाती लाइन बिछाने के बाद से ऊबड़-खाबड़ बनी हुई है सड़क
फोटो 23,24
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जनता भवन रोड पर लंबे समय से चल रही सड़क की समस्या ने दुकानदारों और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। बरसाती पानी की निकासी के लिए मई 2025 में सड़क के एक साइड की खोदाई कर पाइपलाइन डाली गई थी। पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद भी 10 महीनों से सड़क की यह साइड बंद पड़ी है, जिससे रोजाना हादसे हो रहे हैं। वीरवार को एक बुजुर्ग महिला के गिरने के बाद दुकानदारों ने नाराजगी जाहिर की।
दुकानदारों ने वीरवार को प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखते हुए प्रदर्शन किया। किसान नेता व दुकानदार लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि जनता भवन रोड की खस्ता हालत के कारण लोगों की जान खतरे में है। उन्होंने कहा कि जगदेव सिंह चौक से अनाज मंडी तक सड़क की बंद साइड पर राहगीरों और दुकानदारों के लिए चलना मुश्किल हो गया है। वीरवार को एक बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई, जिसे आस-पड़ोस के दुकानदारों ने उठाकर उसकी जान बचाई।
दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द सड़क का मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ और बंद हिस्से को खोला नहीं गया, तो मजबूरन उन्हें बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करना पड़ेगा।
लखविंदर सिंह औलख के साथ लवली कालड़ा, लाल सिंह, प्रेम चावला, प्रवीन जिंदल, राम कुमार, जयलाल, रमेश बंसल, संजय अग्रवाल, मोनू, बलविंदर, काका और जगचन्नान सिंह समेत अन्य दुकानदार भी इस प्रदर्शन में शामिल रहे।
पैदल चलना भी हो गया है मुश्किल
दुकानदारों ने बताया कि खस्ताहाल सड़क की वजह से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। मोटरसाइकिल सवार और पैदल यात्रियों को दिन-रात दुर्घटना का खतरा बना रहता है। एक तरह की सड़क बंद होने पर वाहन चालकों ने इसे पार्किंग बना लिया है। पार्किंग के कारण काम बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। बुजुर्ग महिला गिरी तो सोशल मीडिया पर हुआ मामला वायरल
जनता भवन रोड पर चलते हुए बुजुर्ग महिला ऊबड़-खाबड़ जगह पर लड़खड़ा कर गिर गई। इस कारण महिला बेहोश हो गई। महिला को दुकानदार उठाकर अस्पताल में लेकर गया और उनका उपचार करवाया। यह सारा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया। इसके बाद तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद भी नगर परिषद प्रशासन ने इस मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
कोट्स
सड़क को समतल कर लेवल बनवा दिया जाएगा। इसको लेकर ठेकेदार को निर्देश दे दिए हैं। आमजन की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करवाया जाएगा।
-राहुल, जेई, नगर परिषद