चोपटा खंड में 6500 हेक्टेयर में हुई बिजाई, 10 से 12 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन
7 से 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा भाव
फोटो 27
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। पिछले कई वर्षों से खेती में बढ़ती लागत और फसलों के अपेक्षित भाव नहीं मिलने के कारण परेशान किसानों के लिए इस बार मूंगफली राहत लेकर आई है। चोपटा खंड में मूंगफली की अच्छी पैदावार के साथ भाव भी बेहतर मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
क्षेत्र में इस बार करीब 6500 हेक्टेयर में मूंगफली की बिजाई की गई है। किसानों के अनुसार, 10 से 12 क्विंटल प्रति एकड़ तक उत्पादन हो रहा है। अच्छी गुणवत्ता वाली मूंगफली का भाव 7000 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है।
मूंगफली के साथ निकलने वाला भूसा भी किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का साधन बन गया है। किसानों को मूंगफली का भूसा करीब 10 से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक बिक रहा है।
उत्पादन, फसल के भाव और भूसे की बिक्री को मिलाकर किसानों को एक एकड़ से करीब एक लाख रुपये या इससे अधिक की आमदनी होने की उम्मीद है। यही कारण है कि मूंगफली की खेती इस बार क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।
खंड के कुम्हारिया, कागदाना, खेड़ी, गुसाईंयाना, निर्बाण, रूपावास, रायपुर, जमाल, बरासरी और रंधावा सहित अनेक गांवों में बड़े क्षेत्र में मूंगफली की फसल तैयार हुई है। गांव निर्बाण के किसान जसवंत सिंह भांभू ने बताया कि उन्होंने पांच एकड़ में मूंगफली की बिजाई की थी।
उन्हें प्रति एकड़ 12 से 14 क्विंटल तक उत्पादन मिला है। मूंगफली और उसके भूसे की बिक्री को मिलाकर उन्हें प्रति एकड़ एक लाख रुपये से अधिक की आमदनी हुई है।
किसान सुल्तान सिंह, महेंद्र सिंह और जगदीश ने बताया कि पिछले कई वर्षों से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही थी लेकिन इस बार मूंगफली ने किसानों को काफी राहत दी है। किसानों ने बताया कि इस बार मानसून की बारिश कम होने से शुरुआत में चिंता जरूर हुई थी लेकिन मूंगफली का उत्पादन अच्छा रहा और बाजार में भाव भी बेहतर मिल गए।
कृषि विकास अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सहारण ने बताया कि नाथूसरी चौपटा खंड में इस बार करीब 6500 हेक्टेयर में मूंगफली की बिजाई हुई है। फसल का उत्पादन अच्छा रहने के साथ भाव भी बेहतर मिल रहे हैं। ऐसे में इस वर्ष मूंगफली किसानों के लिए लाभकारी फसल साबित हो रही है।
यह जानना जरूरी
सिरसा में बिजाई क्षेत्र : 6500 हेक्टेयर उत्पादन : 10 से 12 क्विंटल प्रति एकड़
अच्छी फसल का भाव: 7000 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल भूसे से आमदनी : 10 से 15 हजार रुपये प्रति एकड़
कुल आमदनी: करीब एक लाख रुपये या इससे अधिक प्रति एकड़
प्रमुख गांव : कुम्हारिया, कागदाना, खेड़ी, गुसाईंयाना, निर्बाण, रूपावास, रायपुर, जमाल, बरासरी और रंधावा