फोटो - 30, 31
- व्यापारी बोल, त्योहारी सीजन में बाजारों तक पहुंचना भी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से पाइपलाइन और स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के लिए हो रही सड़कों की खोदाई ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। सड़कों की खोदाई से व्यापारियों और आमजन को परेशानी हो रही है। इससे बाजारों में आवाजाही प्रभावित है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने बताया। उन्होंने जिला उपायुक्त को कई बार लिखित में अवगत कराया है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। त्योहारी सीजन में मुख्य बाजारों में पैदल चलना भी मुश्किल है।
इस संबंध में राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा गया है। रोड़ी बाजार में दस दिनों से पेयजल पाइप लाइन लीकेज है। इसे अब तक ठीक नहीं किया गया है।
ग्राहकों और किसानों को हो रही परेशानी
मुख्य बाजारों के आसपास की कई गलियां तोड़कर छोड़ दी गई हैं। इससे दुकानों तक ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। व्यापारी खाली बैठने को मजबूर हैं। फसली सीजन से किसानों की आवाजाही बढ़ी है। सड़कों के गड्ढों में ट्रैक्टर-ट्रालियां फंसने से नुकसान हो रहा है। हीरालाल शर्मा ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जल्द समाधान न होने पर व्यापारी आंदोलन करेंगे।