बस स्टैंड के बाहर बसों व ऑटो चालकों द्वारा सड़क पर ही सवारियों को चढ़ाने के कारण लग रहे जाम के चलते यातायात पुलिस ने मंगलवार को 9 बसों के पोस्टल चालान सहित दो ऑटो के भी चालान किए और एक ऑटो को इंपाउंड कर लिया। वहीं बस स्टैंड के गेट के पास लगी रेहड़ियों को भी हटवाया। नौ में से आठ रोडवेज बसों के चालान को देखकर इसी बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि रोडवेज कर्मचारी यातायात नियमों की अवहेलना कर रहे हैं।
मंगलवार को करीब दो बजे बस स्टैंड परिसर के बाहर जाम की स्थिति के चलते गश्त पर निकले यातायात एसएचओ बहादुर सिंह ने बस स्टैंड के बाहर देखा कि सरकारी व निजी बस स्टैंड परिसर के बाहर सड़क से सवारियां उठा रही थीं। जिसके कारण आने-जाने वाले चालकों को परेशानी हो रही थी। जिससे देख एसएचओ बोले कि पहले गलत पार्किंग में खड़े वाहनों के पोस्टल चालान करो। फिर इन्हें बताना कि यहां वाहन नहीं खड़ा करना है, अगर वाहन यहां खड़ा करोगे तो चालान का भुगतान करना पड़ेगा। जिसके बाद यातायात टीम ने 9 बसों के गलत पार्किंग के पोस्टल चालान काटे, जिसमें से आठ रोडवेज व एक निजी बस थी। साथ ही दो ऑटो के चालान काटे और एक ऑटो का कोई भी कागजात न होने के कारण इंपाउंड कर लिया।
बता दें यातायात पुलिस द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बाद भी बस स्टैंड परिसर के बाहर रोडवेज बसों का ठहराव होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। यातायात पुलिस ने बीते माह भी चार बसों के पोस्टल चालान किए थे। साथ ही सिरसा बस डिपो महाप्रबंधन को भी बस स्टैंड परिसर के बाहर गलत पार्किंग न करने के दिशा निर्देश ड्राइवरों को जारी करने के दिए थे। गलत पार्किंग को लेकर न तो सिरसा बस डिपो महाप्रबंधक द्वारा बस चालकों को कोई निर्देश नहीं दिया गया है और न ही बसों को बाहर रोकने पर कोई कार्रवाई की जा रही है।
बीते माह भी दिए थे निर्देश
बस स्टैंड परिसर के बाहर बसों में सवारियों उठाने को लेकर यातायाता एसएचओ बहादुर सिंह ने बीती 27 जनवरी को भी सिरसा बस डिपो महाबंधक के मिलने गए थे। लेकिन जीएम के न होने के चलते टीआई को बस स्टैंड परिसर के बाहर बस न रोकने की घोषणा करवाने के दिशा निर्देश दिए थे। यातायात पुलिस ने उस समय भी करीब चार रोडवेज बसों के चालान काटे थे।
इनके काटे हैं चालान
यातायात पुलिस द्वारा बस स्टैंड के बाहर बस रोककर सवारियां उठाने को लेकर करीब 9 बसों के चालान काटे हैं। जिसमें से तीन बसे सिरसा डिपो, दो बसे फतेहाबाद डिपो, एक बस भिवानी, एक बस रोहतक डिपो, एक हिसार डिपो निजी बस का गलत पार्किंग के पोस्टल चालान काटे गए। इसी के साथ दो ऑटो के भी गलत पार्किंग का चालान काटा व एक ऑटो के कागजात व नंबर न होने पर उसे इंपाउंड कर लिया।
सड़क पर बसों को रोकर सवारियों को उठाने वाली 9 बसों पोस्टल चालान काटे गए हैं। इससे पहले भी बस चालकों इस बारे में अवगत करवाया जा चुका है। सिरसा डिपो महाप्रबंधक को भी इसके बारे में अवगत करवाया गया है। लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। - बहादुर सिंह, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस, सिरसा।