सिरसा। फर्जी एयरफोर्स अधिकारी बनकर साइबर ठग ने शहर के एक फर्नीचर एवं प्लाईवुड कारोबारी से 2.07 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने एयरफोर्स स्टेशन की कैंटीन में प्लाईवुड सप्लाई का झांसा देकर वेंडर रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम ट्रांसफर करवाई। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि गांव ओढ़ां निवासी धर्मेंद्र कुमार ने शिकायत दी कि उसकी सिरसा में फर्नीचर और प्लाईवुड की दुकान है। 21 जुलाई को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एयरफोर्स स्टेशन सिरसा का अधिकारी बताया और प्लाईवुड की जरूरत होने की बात कही। आरोपी के कहने पर धर्मेंद्र ने सामान के सैंपल व्हाट्सएप पर भेज दिए।
इसके बाद आरोपी ने करीब 1.88 लाख रुपये का बिल मांगा और सीएसडी कैंटीन, एयरफोर्स स्टेशन के नाम से दस्तावेज, जीएसटी नंबर व पहचान पत्र भेजकर भरोसा दिलाया। आरोपी ने वेंडर रजिस्ट्रेशन के लिए पहले भुगतान करने की बात कही और बैंक खाता व गूगल-पे नंबर भेज दिया।
धर्मेंद्र ने झांसे में आकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये 2 लाख 7 हजार 502 रुपये भेज दिए। इसके बाद वह सामान से भरी गाड़ी लेकर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। वहां एक व्यक्ति ने खुद को सुरेश बताते हुए गेट पास बनने तक गाड़ी पीछे खड़ी करने को कहा। काफी देर इंतजार के बाद भी कोई सामान लेने नहीं आया।
इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और उन्होंने पुलिस को ठगी की शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।