चोपटा गांव में बेटियों के शानदार परीक्षा परिणाम आने पर मिठाई खिलाते परिजन।
चोपटा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में गांव शक्कर मंदोरी की दो बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और गांव का नाम रोशन किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुरिया की छात्रा पूजा ने 97 प्रतिशत और उसकी छोटी बहन बसकरो ने 95.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
छात्रा पूजा ने बताया कि उसके माता-पिता हनुमान और सुमन दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। वह पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी है, जबकि बसकरो उससे छोटी है। पूजा ने बताया कि उसे पढ़ाई में माता-पिता, दादी संतरों देवी और अध्यापकों का पूरा सहयोग मिला। दसवीं की परीक्षा में भी उसने 92.8 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। पूजा आईएएस बनने का सपना देख रही है और उसके माता-पिता भी इस सपने को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। उसकी बहन बसकरो अध्यापक बनना चाहती है।
पीएम श्री राजकीय विद्यालय बणी के 12 विद्यार्थियों ने प्राप्त की मेरिट
रानियां। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बणी के 12 विद्यार्थियों ने हरियाणा शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में मेरिट प्राप्त की है। स्कूल के 10 बच्चों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्राचार्य अनिल कुमार गर्ग ने बच्चों को बधाई दी। पंजाबी अध्यापक अजमेर सिंह ने बताया कि 12वीं में छात्रा खुशबू व चरणजीत ने 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त का स्कूल में प्रथम, पूजा ने 86.6 अंक के साथ दूसरा और आरती ने 84.8 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।